गंगापुर सिटी में महिला खेल महोत्सव का हुआ आगाज

महिलाओं ने खेलों में दिखाई प्रतिभा
कई स्पर्धाओं में लिया भाग
300 से अधिक महिलाओं का हुआ पंजीयन
एडीएम, एएसपी, प्रधान सहित अन्य अतिथियों ने किया खेल का शुभारम्भ
गंगापुर सिटी।
गृहस्थी के कामों में व्यस्त रहने वाली महिलाएं बुधवार को अपनी खेल प्रतिभा दिखाती नजर आई। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मैदान पर अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य मेें महिला खेल महोत्सव समिति की ओर से पूर्व सभापति संगीता बोहरा के नेतृत्व में आयोजित महिला खेल महोत्सव सीजन-4 में महिला खिलाडिय़ों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। अतिथि पंचायत समिति प्रधान मंजू गुर्जर व पूर्व पालिकाध्यक्ष गीतादेवी नरूका ने भगवान गणेशजी की पूजा-अर्चना व अतिरिक्त जिला कलक्टर नवरत्न कोली व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाशचंद व अन्य अतिथियों ने फीता काट कर खेल महोत्सव का आगाज किया। नगर परिषद की पूर्व सभापति संगीता बोहरा ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर कोली ने कहा कि पूर्व सभापति संगीता बोहरा के सानिध्य में आयोजित महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि गर्व का विषय है कि गंगापुरसिटी की महिलाएं घर के कामों के साथ-साथ खेलकूद में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहीं है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाशचंद ने कहा कि आज के समय में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक करते हुए महिलाओं से कहा कि जब भी उनका कोई परिजन वाहन लेकर निकले तो उन्हें हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें।
प्रधान मंजू गुर्जर ने कहा कि खेल महोत्सव के प्रति महिलाओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाओं को घर के काम के सामथ खेलों में भी भाग लेना चाहिए।

पूर्व पालिकाध्यक्ष गीतादेवी नरूका ने महोत्सव के आयोजन की सराहना की। डॉ. शैल शास्त्री ने कहा कि खेल से स्वास्थ्य ठीक रहता है।
उन्नति ग्रुप संरक्षक कांतादेवी सैनी की ने भी खेल के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त (एसजीएसएटी) माया मीना, कुसुम गुप्ता, रक्षा बरडिया, रेनू आर्य, अपर्णा शर्मा, मंजू सिंहल, नीरज दीक्षित, अंजली दुबे, ज्योति दीक्षित, अंजना रावत समिति समिति पदाधिकारी व अन्य महिलाएं मौजूद थे। पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव के तहत टेनिस बॉल क्रिकेट, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन, रस्साकसी, ऊंचीकूद, लम्बी कूद, चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, रूमाल झपट्टा आदि स्पर्धाओं में भाग लेने के लिए 311 महिलाओं ने पंजीयन कराया है।
ये रहीं विजयी
महोत्सव के तहत रस्साकसी के उद्घाटन मुकाबले में राधे-राधे टीम विजेता रही। खो-खो में राधा कृष्णा टीम उप विजेता व ऑरेंज ग्रीन टीम विजेता रहा। विजेता टीम की कप्तान ममता खंडेलवाल थी। रूमाल झपट्टा में जीजीसी टीम विजेता व श्याम बिहारी टीम उपविजेता रही। बैडमिंटन ने साक्षी व दीप्ति संयुक्त रूप ये विजेता व सुषमा व मीनल संयुक्त रूप से उप विजेता रही।
2 मार्च को होंगी यह प्रतियोगिताएं
पदाधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को अपराह्न 3 बजे से टेनिस बॉल क्रिकेट सहित कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ तथा 100 मीटर दौड़ का आयोजन किया जाएगा।