महिला खेल महोत्सव का अंतिम दिन: खिलाडिय़ों ने दिखाया दमखम

गंगापुर सिटी। खिलाडिय़ों को संबोधित करते एडीएम नवरत्न कोली
उपस्थित टीम

दर्शकों का उमड़ा जनसैलाब
गंगापुर सिटी।
नगर परिषद सभापति संगीता बोहरा की ओर से महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं को बढ़ावा देने के लिए गंगापुर शहर के हायर सैकण्डरी खेल मैदान पर चल रहे महिला खेल महोत्सव के अंतिम दिन सोमवार को दर्शकों एवं खिलाडिय़ों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में महिलाएं एवं छात्राएं खेल मैदान पर पहुंची और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी हुनर एवं प्रतिभा दिखाई। साथ ही उपस्थित दर्शकों ने हुटिंग एवं तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर नवरत्न कोली ने खिलाडिय़ों से परिचय किया। साथ ही एडीएम कोली ने कहा कि महिलाओं एवं छात्राओं में खिलाडिय़ों की कोई कमी नहीं है। लेकिन उन्हें मंच की कमी है और जो मंच नगर परिषद ने दिया है वह कार्य सराहनीय है। इस प्रकार के आयोजन से शहर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मौका मिलता है।
सभापति संगीता बोहरा ने कहा कि हार-जीत सिक्के के दो पहलू हैं लेकिन महिलाएं घरों से बाहर निकलकर मैदान में आई हंै। वह सभी अपने आप में विजेता हैं। साथ ही सभी महिलाओं एवं छात्राओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। आप सभी का सहयोग एवं प्यार, प्रेम एवं आशीर्वाद बना रहा तो इसी प्रकार के आयोजन हर वर्ष होंगे। उन्होंने सभी महिलाओं का एवं खिलाडिय़ों का आभार व्यक्त किया।
सोमवार को सुबह १00 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें महिला वर्ग में प्रथम स्थान सरिता सिंघल, द्वितीय उर्वशी जैन, तृतीय मीना गुप्ता रही। छात्रा वर्ग में शोभा प्रथम, अंजलि गुर्जर द्वितीय तथा सीमा गुर्जर तृतीय स्थान पर रही। लंबी कूद महिला वर्ग में सरिता प्रथम स्थान पर रही। अंजना रावत द्वितीय व कविता तृतीय स्थान पर रही। साथ ही छात्रा वर्ग में शोभा राजपूत प्रथम, आशा मीणा द्वितीय, अंजलि गुर्जर तीसरे स्थान पर रही। कुर्सी दौड़ में शिवानी शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मिथिलेश मित्तल द्वितीय व संतोष खण्डेलवाल तीसरे स्थान पर रही। क्रिकेट के आयोजन में भगवती कन्या महाविद्यालय एवं अग्रवाल शिक्षण संस्थान के मध्य खेला गया, जिसमें 8 ओवर में भगवती कन्या महाविद्यालय ने 57 रन का लक्ष्य रखा। अग्रवाल शिक्षण संस्थान की टीम लक्ष्य से पीछे रह गई एवं निर्धारित ओवर में 4 रन से मुकाबला हार गई। क्रिकेट में भगवती कन्या महाविद्यालय की टीम विजेता रही। बैडमिंटन डबल में ऊषा रानी एवं संजना गोयल विजेता रही। कार्यक्रम के दौरान गंगापुर शहर ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष, बुजुर्ग, युवा खेलों को देखने के लिए पहुंचे। सभी ने भरपूर आनंद लिया एवं उत्साहवर्धन किया। साथ ही संगीता बोहरा की इस पहल को सराहनीय बताया।
निर्णायक मंडल में शफी मोहम्मद, राकेश उपाध्याय पीटीआई, योगेश शर्मा, जितेंद्र मीणा, भगत सिंह जाट मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान एडीएम नवरत्न कोली, सभापति संगीता बोहरा, पार्षद अंजू हेमनानी, नीरज दीक्षित, ज्योति दीक्षित, रेनू आर्य, अर्पणा शर्मा, वेद प्रकाश सोनवाल, अशोक शर्मा, गोपाल सैनी, भाजपा नेता कौशल बोहरा, युवा भाजपा नेता दर्शन सिंह गुर्जर, सुरेंद्र विजयवर्गीय, सौरभ बरडिया, सतीश गुप्ता, राजकुमार, बबलू चौधरी, मनमोहन दुबे सहित कई मौजूद रहे।