समाज की एकता, सेवा भावना और संगठन शक्ति का बना उत्कृष्ट उदाहरण
गंगापुर सिटी। खंडेलवाल वैश्य समाज समिति, गंगापुर सिटी के तत्वावधान में रविवार को आयोजित योग शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर समाज की एकता, सेवा भावना एवं संगठन शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया। समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर दोनों कार्यक्रमों को ऐतिहासिक सफलता प्रदान की।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रातः 6:00 बजे से 7:00 बजे तक खंडेलवाल युवा परिषद के तत्वावधान में योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 80 से 85 समाजबंधुओं ने सहभागिता कर स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
योग शिविर में योग प्रशिक्षक महेश भूखमरिया, कविता खूंटेटा एवं अंजना रावत ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के संयोजक ध्रुव डांस एवं तनिष्क सोखिया द्वारा प्रतिभागियों के लिए केले की व्यवस्था की गई, जबकि परिषद के कोषाध्यक्ष विशाल डांस ने शीतल पेयजल की व्यवस्था कर सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
दूसरे चरण में प्रातः 7:00 बजे से 10:15 बजे तक आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में लगभग 95 से 100 समाजबंधुओं ने लाभ प्राप्त किया। शिविर के सफल आयोजन में संयोजक सीताराम डांस एवं राजेश राजौरिया ने प्रचार-प्रसार एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाई। वहीं विनोद राजौरिया ने भी विशेष योगदान देकर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में खंडेलवाल वैश्य महिला मंडल की अध्यक्ष प्रिया डंगायच एवं महिला मंडल की सदस्याओं की सक्रिय सहभागिता प्रेरणादायक रही।
समाज समिति के अध्यक्ष कैलाश चंद खूंटेटा ने दोनों कार्यक्रमों के संयोजकों, समाज समिति के पदाधिकारियों, युवा परिषद, महिला मंडल एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सामूहिक भागीदारी और सेवा भावना से ऐसे आयोजन निरंतर सफल होते रहेंगे।
समिति के मंत्री अमित डंगायच ने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता ने यह सिद्ध कर दिया है कि एकजुटता और सहयोग की भावना से समाज को नई दिशा दी जा सकती है।

