IMA कार्यकारिणी के निर्विरोध चुनाव सम्पन्न

IMA गंगापुर सिटी की बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन करते चिकित्सक सदस्य
IMA गंगापुर सिटी के निर्विरोध चुनाव में नई कार्यकारिणी का गठन, डॉ. राजेन्द्र शास्त्री फिर बने अध्यक्ष

डॉ. राजेन्द्र शास्त्री पुनः अध्यक्ष, डॉ. मनोज जैन कार्यकारी अध्यक्ष, डॉ. मुकेश गर्ग सचिव एवं डॉ. सत्येन्द्र पंचोली कोषाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

Gangapur city. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की जनरल बॉडी मीटिंग आज एक निजी होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वर्तमान अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र शास्त्री ने की। चुनाव प्रक्रिया की औपचारिकता हेतु चुनाव अधिकारी डॉ. एम.एल. गुप्ता द्वारा नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ करवाई गई, किन्तु किसी भी पद के लिए कोई अन्य नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।

इसके उपरांत वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। अध्यक्ष पद के लिए पुनः वर्तमान अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र शास्त्री के नाम पर सभी सदस्यों की सर्वसम्मति बनी। कार्यकारी अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान सचिव डॉ. मनोज जैन को मनोनीत किया गया। इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष पद पर डॉ. आर.के. मीणा, सचिव पद पर डॉ. मुकेश गर्ग, कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. सत्येन्द्र पंचोली, उप सचिव पद पर डॉ. भरत, सांस्कृतिक प्रभारी के रूप में डॉ. तृप्ति बंसल तथा महिला प्रकोष्ठ प्रभारी के रूप में डॉ. शैल शास्त्री के नाम प्रस्तावित किए गए। सदन में उपस्थित सभी सदस्यों ने तालियाँ बजाकर सर्वसम्मति से इन नामों का अनुमोदन किया।

IMA संरक्षक मंडल में डॉ. एन.आर. मीणा एवं पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश गुप्ता को शामिल किया गया।

बैठक में वर्तमान कार्यकारिणी ने अपने कार्यकाल की गतिविधियों एवं सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना से किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। नवगठित कार्यकारिणी के प्रति सभी सदस्यों ने विश्वास जताते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की आशा व्यक्त की।

नवनिर्वाचित कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. मनोज जैन, जो अब तक सचिव पद का दायित्व निभा रहे थे, ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने किसी भी चिकित्सक सदस्य के मेडिको-लीगल संकट अथवा अन्य कठिन परिस्थितियों में पूरे संगठन को एकजुट होकर साथ खड़े रहने का आह्वान किया।

अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र शास्त्री ने “संगठन में ही शक्ति है” का संदेश देते हुए चिकित्सकों से आपसी समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की।

नवनिर्वाचित सचिव डॉ. मुकेश गर्ग ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों, पारिवारिक आयोजनों, विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले चिकित्सकों के सम्मान, खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय चिकित्सकों की CME में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने जैसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने सभी सदस्यों से सहयोग एवं मार्गदर्शन की अपेक्षा भी की।

डॉ. सुलेखा जैन ने IMA की मूल भावना एवं संगठनात्मक एकता पर बल देते हुए सभी चिकित्सकों से हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का आह्वान किया। बैठक में वार्षिक शुल्क निर्धारण एवं प्रतिवर्ष बजट ऑडिट करवाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

पूर्व कोषाध्यक्ष एवं पीएमओ डॉ. विजेन्द्र गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में डॉ. मुकेश बंसल, डॉ. अनिल टोड़वाल, पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. आर.आर.सी. मीणा, डॉ. सत्यवीर डूडी, डॉ. भूर सिंह, डॉ. पुष्पेन्द्र बंसल, डॉ. रामराज मीणा, डॉ. शिवराज मीणा, डॉ. नीलमणि गर्ग, डॉ. कमला मीणा सहित अनेक सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए।