सेवा, मित्रता और मानवता के संकल्प के साथ नई कार्यकारिणी की घोषणा, नवसदस्यों का हुआ सम्मान
गंगापुर सिटी, 16 जून। लायंस क्लब सार्थक का पंचम स्थापना दिवस समारोह एक निजी रिसोर्ट में हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि क्लब की स्थापना 16 जून 2022 को हुई थी और इसी उपलक्ष्य में स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के वर्तमान अध्यक्ष लायन डॉ. अनिल टोड़वाल ने की। इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं महिला सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
क्लब की सेवा गतिविधियों का प्रस्तुत किया गया लेखा-जोखा
कार्यक्रम का संचालन क्लब के चार्टर अध्यक्ष डॉ. मुकेश गर्ग ने किया। उन्होंने क्लब की स्थापना से लेकर अब तक की प्रमुख सेवा गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि लायंस क्लब सार्थक ने समाज सेवा के क्षेत्र में दिव्यांगजन सहायता शिविर, रक्तदान शिविर, सेवा सप्ताह, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम तथा विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किए हैं।
नवसदस्यों का हुआ स्वागत और सम्मान
समारोह के दौरान क्लब से जुड़े नए सदस्यों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। रिया मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. महेन्द्र मीणा को क्लब की सेवा गतिविधियों में उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित करते हुए विधिवत सदस्यता प्रदान की गई। इसके अलावा अंशुल अग्रवाल, दीपक सैनी और आशीष शर्मा को भी सम्मानित कर क्लब की सदस्यता प्रदान की गई।
सत्र 2026-27 की नई कार्यकारिणी घोषित
सत्र 2026-27 के सचिव डॉ. चंद्रकांत सिंघल ने आगामी कार्यकारिणी की घोषणा की। नई कार्यकारिणी में उमेश शर्मा को अध्यक्ष, डॉ. चंद्रकांत सिंघल को सचिव, राजेश मंगल को कोषाध्यक्ष, मुकेश गुप्ता को प्रथम उपाध्यक्ष, डॉ. संतोष भंडारी को द्वितीय उपाध्यक्ष तथा डॉ. रवि गुप्ता को तृतीय उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। इसके अतिरिक्त विजय गुप्ता को क्लब सर्विस चेयरपर्सन, अनिल गोयल को सदस्यता चेयरपर्सन, डॉ. समीर विश्वास को मार्केटिंग एवं कम्युनिकेशन चेयरपर्सन तथा आशीष अग्रवाल को क्लब प्रवक्ता बनाया गया।
डॉ. मुकेश गर्ग को प्रशासक एवं गेट प्रभारी, डॉ. पुष्पेन्द्र बंसल को क्लब डायरेक्टर, जितेन्द्र गुप्ता को टेल टेमर, सुमित सिरोहिया को टेल ट्विस्टर, अनुराग को क्लब सर्विस को-चेयरपर्सन तथा डॉ. आर.के. मेहता को मार्केटिंग को-चेयरपर्सन की जिम्मेदारी सौंपी गई। श्रीमती ममता (रेखा गर्ग) को मार्केटिंग एवं कम्युनिकेशन को-चेयरपर्सन तथा नरेश जी को एमसीसी कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में विनोद गौतम, मयंक गुप्ता, पवन गुप्ता, डॉ. एम.एम. गुप्ता, डॉ. अनिल टोड़वाल, डॉ. प्रमोद सागर, अमन वर्मा और ललित शर्मा को शामिल किया गया।
सेवा कार्यों की उपलब्धियों को किया याद
बैठक में सदस्यों ने क्लब की विगत वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा की। विशेष रूप से दिव्यांगजन सहायता शिविर, रक्तदान शिविर और सेवा सप्ताह की गतिविधियों की सराहना की गई। क्लब की उल्लेखनीय उपलब्धियों में डॉ. आर.के. मेहता क्लिनिक पर आयोजित होने वाला निःशुल्क मधुमेह जांच शिविर भी शामिल रहा। इस शिविर के माध्यम से अब तक लगभग 780 मरीजों की ब्लड शुगर जांच और 430 मरीजों की यूरिक एसिड जांच निःशुल्क की जा चुकी है।
एक हजार दिव्यांगजनों को मिला लाभ
सदस्यों ने भारत सेवा संस्थान एवं श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से आयोजित विशाल दिव्यांगजन सहायता शिविर को क्लब की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक बताया। इस शिविर के माध्यम से एक हजार से अधिक दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए, जिसे उपस्थित सदस्यों ने जोरदार तालियों के साथ सराहा।
समारोह के अंत में सभी सदस्यों ने सेवा, मित्रता और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने तथा आगामी वर्ष में अधिक से अधिक जनसेवा कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में क्लब के सचिव पवन गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजेश मंगल, कार्यक्रम संयोजक डॉ. समीर विश्वास सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

