झारखंड में भाजपा के कई नेता प्रचार में जुटे

झारखंड विधानसभा चुनाव की तिथि नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई है। ऐसे में राजनीतिक दलों की ओर से प्रचार अभियान तेज कर दिया गया है। शनिवार को भाजपा के कद्दावर नेताओं ने अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में कई क्षेत्रों में जनसभा कर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार केन्द्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दो स्थानों छतरपुर और हजारीबाग में सभा की। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विश्रामपुर में भाजपा के पक्ष में सभा की। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खूंटी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भुरकुंडा में जनसभाओं को सम्बोधित किया।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांगे्रस और झामुमो गठबंधन के खिलाफ मोर्चा खोला। साथ ही कहा कि इस बार झारखंड में एनडीए की सरकार बनेगी। गौरतलब है कि झारखंड में दो चरणों में चुनाव होने है। 13 नवम्बर को प्रथम चरण में 43 सीटों पर मतदान होगा। वहीं 20 नवम्बर को 38 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। मतगणना 23 नवम्बर को होगी।