Vande Bharat-Amrit Bharat ट्रेनों को कल झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी

Vande Bharat-Amrit Bharat

नई दिल्ली। अयोध्या धाम के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करने के साथ ही दो अमृत भारत और छह वंदे भारत ट्रेनों को कल यानि 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झंडी दिखाएंगे। नई दिल्ली से मां वैष्णो देवी कटरा और अमृतसर से पुरानी दिल्ली के बीच संचालित होने वाली 2 वंदे भारत ट्रेन का अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर 2-2 मिनट का ठहराव रहेगा।
अमृतसर से पुरानी दिल्ली के बीच ट्रेन में 8 कोच (530 सीट), कटरा से दिल्ली जाने वाली में 16 कोच (1138 सीट) होंगे। अमृत भारत ट्रेन में 22 कोच होंगे। अनुमान के मुताबिक जनवरी 2024 में इन ट्रेनों का संचालन होगा। दोनों ट्रेनों की शुरुआत के बाद अंबाला डिवीजन में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या 4 हो जाएगी।

Vande Bharat-Amrit Bharat
अमृतसर से दिल्ली तक करीब साढ़े 5 घंटे और कटरा से दिल्ली के बीच 8 घंटे का समय लेगी। कटरा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन (22478) सुबह 6 बजे कटरा से रवाना होगी। सुबह 11.44 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी। यहां 2 मिनट के ठहराव के बाद दिल्ली के लिए रवाना होगी। दोपहर 2 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

वापसी में दोपहर बाद 3 बजे (22477) कटरा के लिए रवाना होगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 22488 वंदे भारत ट्रेन सुबह साढ़े 8 बजे अमृतसर से रवाना होगी। दोपहर 01.50 बजे दिल्ली और यहां से दोपहर बाद 3.15 बजे वापस अमृतसर के लिए रवाना होगी।
अंबाला डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मनदीप भाटिया के अनुसार 6 वंदे भारत ट्रेनों और 2 अमृत भारत ट्रेनों (केवल सेकेंड सिटिंग और स्लीपर क्लास) को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इनमें श्री वैष्णो देवी कटरा से नई दिल्ली, अमृतसर से दिल्ली, कोयंबटूर से बेंगलुरु कैंट, मैंगलोर से मडगांव, जालना से मुंबई, अयोध्या धाम से दरभंगा और अमृत भारत ट्रेन अयोध्या धाम से दरभंगा, मालदा टाउन से सर.एम. विश्वेश्वर टर्मिनस (बेंगलुरु) शामिल हैं।
अमृतसर से पुरानी दिल्ली और कटरा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में 6 दिन संचालित होंगी। 7वें दिन ट्रेन का रखरखाव होगा। ट्रैक की क्षमता को देखते हुए 130 किमी प्रतिघंटा तक रफ्तार रखी जाएगी। शताब्दी की बात करें तो 120 से 125 किमी प्रतिघंटा से दौड़ती है।

Vande Bharat-Amrit Bharat
डीआरएम के अनुसार नई शुरू की गई वंदे भारत ट्रेन का अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर ठहराव होगा। इसलिए 4 वंदे भारत ट्रेनें अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज के साथ परिचालन में होंगी। रेलवे के मुताबिक, जालंधर-लुधियाना और अंबाला स्टेशन में 2-2 मिनट का स्टॉपेज दिया है। आम ट्रेनों की बात करें तो अमृतसर से दिल्ली तक पहुंचाने में 7 से साढ़े 7 घंटे तक का समय ले लेती है। वहीं, शताब्दी एक्सप्रेस भी करीब 6 घंटे लगाती है वहीं वंदे भारत सवा 5 से साढ़े 5 घंटे का समय लेगी।
अमृत भारत ट्रेन की विशेषताएं
ट्रेन में पुश-पुल टेक्नोलॉजी (इस टेक्नोलॉजी से लैस ट्रेन में दो इंजन लगे होते हैं) के कारण बेटर एक्सीलेरेशन है, जिससे गाड़ी जल्दी से स्पीड पकड़ती है और रुकती है। इससे रूट पर आने वाले मोड़, ब्रिज, स्टेशन में काफी समय बचेगा। ट्रेन में सेमी-परमानेंट कप्लर्स लगे हैं, जो इसे जर्क फ्री बनाते हैं।
ट्रेन में फुली कवर्ड वेस्टिब्यूल्स लगे हैं, जिससे गाड़ी स्टेबल रहती है। ट्रेन के टॉयलेट्स को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि कम से कम पानी का इस्तेमाल हो।

वंदे भारत-अमृत भारत
पहली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन यूपी के अयोध्या से बिहार के दरभंगा तक और दूसरी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन दक्षिण भारत में बेंगलुरु से मालदा टाउन रूट पर चलेगी। वंदे भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस में दुनिया की 2 सबसे खास टेक्नोलॉजी है। मेक इन इंडिया प्रोग्राम के तहत दोनों ही टेक्नोलॉजी भारत में बनी है।
पहले दिन कटरा और अमृतसर से चलने वाली दोनों ट्रेनों का अंबाला कैंट में 30 दिसंबर को स्वागत किया जाएगा। यह जानकारी अंबाला डिवीजन के डीआरएम मनदीप भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।