कांग्रेस कार्यालय पर 74वां स्वतंत्रता दिवस मनाया

विधायक रामकेश मीना का भी मनाया जन्मदिन

गंगापुर सिटी। कांग्रेस कार्यालय देवी स्टोर चौराहा गंगापुर सिटी पर 15 अगस्त 2020 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोविड-19 एवं केन्द्र व राज्य सरकार की गाइडलाइन के आदेशानुसार ध्वजारोहण का कार्यक्रम किया गया। जिसमें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरगोविन्द कटारिया एवं मुकेश शर्मा देहात ने ध्वजारोहण किया व राष्ट्रगान गाकर स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया।
इसके बाद कांग्रेस कार्यलय पर विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें देश को आजादी दिलाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर उनके दिए गए योगदानों पर प्रकाश डाला।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देहात के अध्यक्ष ने समस्त कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में हमारे नेताओं द्वारा दिए गए योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। हमारे कांग्रेस के नेता कई बार जेलों में गए और ब्रिटिश हुकूमत की यातनाओं का डटकर सामना किया, मगर हिम्मत नहीं हारी व सत्य व अहिंसा के बल पर अंग्रेजों को इस देश से जाने को मजबूर कर देश को स्वतंत्रता दिलाई।
15 अगस्त 2020 को ही गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीना का 63वां जन्मदिवस सभी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास से मनाया। इस अवसर पर दर्जनों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।