भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर एम्स में भर्ती, सांस लेने में आ रही परेशानी

मध्य प्रदेश के भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की तबीयत बीती रात अचानक बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी, साथ ही कोरोना संक्रमण से मिलते जुलते लक्षण भी पाए गए। इसके बाद उन्हें शुक्रवार रात राजधानी दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (ऐम्स) में भर्ती किया गया है। अच्छी बात यह है कि उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। प्रज्ञा ठाकुर को अभी ऐम्स के प्राइवेट वार्ड में भर्ती रखा गया है। वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी रख रही है। ऐम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। रविवार को उनका हेल्थ बुलेटिन जारी हो सकता है। ऐम्स से मिली जानकारी के अनुसार, प्रज्ञा ठाकुर को शुक्रवार रात करीब 9ः45 बजे इमरजेंसी में लाया गया था। तब उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। प्रज्ञा ठाकुर का ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि दवा देने के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार है और अब हालत स्थिर है। पल्मोनरी व कार्डियोलॉजी के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। ऐम्स में उनकी कई तरह की जांच भी गई हैं। बता दें, साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर भोपाल से लोकसभा सदस्य हैं और 2019 के आम चुनावों में उन्होंने कांग्रेस के दिग्विजय सिंह को हराया था। सांसद चुने जाने के बाद से प्रज्ञा ठाकुर अलग अलग कारणों से लगातार सुर्खियों में रहीं। उनके विवादित बयानों का लगातार विरोध होता रहा है। इसी साल अक्टूबर में उन्होंने कहा था कि मुस्लिमों के आटो में युवतियों को न भेंजे।