भाजपा के पुष्कर सिंह निर्विरोध उप प्रधान निर्वाचित

-किसी अन्य ने नहीं किया नामांकन दाखिल
गंगापुरसिटी।
पंचायत समिति चुनाव में कांगे्रस को शिकस्त देने के बाद मंगलवार भी भाजपा के लिए सुखद दिन रहा है। मंगलवार को हुए उप प्रधान के चुनाव में भाजपा के पुष्कर सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। मंगलवार को सुबह 10 बजे चुनाव प्रक्रिया के प्रारंभ हुई। भाजपा की ओर से वार्ड 17 से सदस्य निर्वाचित हुए पुष्कर सिंह ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया, जबकि प्रधान चुनाव में 9 सदस्यों का समर्थन हासिल करने वाली कांगे्रस की ओर से नामांकन दाखिल नहीं किया गया। इसके चलते एक ही प्रत्याशी होने के कारण पुष्कर सिंह का चुना जाना तय हो गया। नाम बापसी का समय बीतने के बाद रिटर्निंग अधिकारी अनिल चौधरी ने पुष्कर सिंह के उप प्रधान निर्वाचित होने की घोषणा की। साथ ही नवनिर्वाचित उप प्रधान को पद सहित स्वच्छता की शपथ दिलाई। रिटर्निंग अधिकारी ने नवनिर्वाचित उप प्रधान पुष्कर सिंह को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। उप प्रधान पुष्कर सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से निराकरण कराना उनकी प्राथमिकता में रहेगा। उप प्रधान पद पर पार्टी प्रत्याशी के निर्विरोध चुने जाने पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है।

गौरतलब है कि 23 सदस्यीय पंचायत समिति सदस्य चुनाव सहित प्रधान व उप प्रधान चुनाव की कमान पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के हाथ में थी।, जबकि कांगे्रस का चुनाव प्रबंधन विधायक रामकेश मीना के पास था। पंचायत समिति सदस्य चुनाव में भाजपा ने 10, कांगे्रस ने 8 और निर्दलियों ने 5 वार्डों में जीत दर्ज की थी। पूर्ण बहुमत नहीं होने के बाद भी भाजपा ने प्रधान व उप प्रधान पद पर कब्जा कर राजनीतिक कौशल का परिचय दिया है। इधर, उप प्रधान चुनाव को लेकर भाजपा की ओर से नगर परिषद उप सभापति वीरू पुजारी, मंडल अध्यक्ष गिरधारी सोनी, नवीन शर्मा, जिला प्रवक्ता महेंद्र दीक्षित, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सवाई सिंह, लक्खी महाराज, जमना लाल वैष्णव आदि भी सक्रिय रहे।