भाजपा नेता की हथेली काटने वाले 5 गुंडों के 3 मकान पर चलाया बुलडोजर

मध्यप्रदेश सरकार

भोपाल में सरकार एक्शन मोड पर आ गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Dr. Mohan Yadav) ने भाजपा नेता की हथेली काटने वाले पांच बदमाशों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए उनके तीन घरों को नगर निगम टीम ने बुलडोजर की सहायता से ढहा दिया।

शपथ लेने के दूसरे दिन ही भाजपा नेता की हथेली काटने वाले आरोपियों के घरों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। उपखंड अधिकारी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने बदमाशों के मकानों को ढहा दिया। इस मौके पर काफी संख्या में लोग व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

मामला क्या

5 दिसंबर शाम को साईं बोर्ड के पास जनता कॉलोनी में भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ अरेरा मंडल महामंत्री देवेंद्र सिंह ठाकुर पर पांच आरोपियों ने जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने तलवार से देवेंद्र की हथेली काट दी। घटना के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और वरिष्ठ नेता कैलाश विजयर्गीय पीडि़त से मिलने उसके घर पहुंचे। साथ ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया था।

सभी आरोपियों पर लग चुका है रासूका
देवेंद्र सिंह ठाकुर पर हमले के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 8 दिसंबर को भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह ने इनमें से एक आरोपी फारुख राइन उर्फ बिन्नी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाया था। गौरतलब है कि आरोपी फारुख पर मारपीट के 14 केस दर्ज हैं। वह हबीबगंज पुलिस थाने की गुंडा लिस्ट में शामिल है। हमला करने वाले पांचों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।