पाकिस्तान से आया कॉल, मुम्बई में ताज होटल को उडाने की धमकी, बढाई सुरक्षा

नई दिल्ली। पाकिस्तान से मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद होटल के बाहर और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुंबई पुलिस ने इस बात की जानकारी दी है। दरअसल, सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात 12.30 बजे होटल ताज पैलेस के स्टाफ को पाकिस्तान के कराची से धमकी भरी कॉल की गई, जिसमें कहा गया कि होटल को बम से उड़ा दिया जाएगा। 
कॉल करने वाले शख्स ने स्टाफ को कहा कि वह लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य है। शख्स ने कहा कि होटल पर हमला किया जाएगा और उसे साल 2008 में हुए मुंबई हमलों की तरह ही उड़ा दिया जाएगा। 
वहीं, इसके बाद दूसरा फोन कॉल बांद्रा के होटल ताज लैंड्स एंड में किया गया। वहां भी स्टाफ को इसी अंदाज में धमकी दी गई। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों होटलों को एक ही नंबर से फोन आया है और यह नंबर पाकिस्तान का है। 
दूसरी तरफ धमकी भरी कॉल को देखते हुए होटल के बाहर और गेट वे ऑफ इंडिया के इलाके में स्पेशल फोर्स मुंबई वन की टीम तैनात कर दी गई है। यहां आने वाले गेस्ट और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं, साइबर सेल भी सक्रिय हो गया है और मामले की जांच कर रहा है। इसके अलावा, टेलीकॉम विभाग की मदद से कॉल करने वाले की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। दक्षिण मुंबई और तटीय इलाकों में भी पैट्रोलिंग को भी बढ़ा दिया गया है।  
बता दें किए 26 नवंबर 2008 को मुंबई के ताज होटल पर आतंकवादी हमला हुआ था। इस हमले को लश्कर-ए-तैयबा ने ही अंजाम दिया था। इस आतंकी संगठन के आतंकवादियों ने समुद्र के रास्ते भारत में प्रवेश किया था और इस हमले को अंजाम दिया था। इस आतंकी हमले में 166 लोगों की मौत हो गई थी। हमलावर आतंकियों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया था, जबकि एक आंतकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया था, जिसे बाद में फांसी दे दी गई। 
दो फोन कॉल आए
ताज होटल को उड़ाने के लिए दो फोन कॉल किए गए। पहला कॉल ताज होटल में रात करीब 12 बजे और दूसरा बांद्रा के होटल ताज लैंड्स एंड में किया गया। बताया जा रहा है कि दोनों जगह एक ही नंबर से कॉल किया गयाए जो पाकिस्तान का था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम सुल्तान बताया। फोन करने वाले व्यक्ति ने होटल के कर्मचारी को अपना वॉट्सऐप नंबर भी दिया है। पुलिस अब कॉलर की डिटेल निकाल रही है।

पल-पल की खबर से अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें…