मास्क को लेकर पुलिसकर्मी से विवाद में सफाई दरोगा गिरफ्तार

इंदौर। मास्क नहीं पहनने पर पुलिसकर्मी सईद खान के साथ हुए विवाद के बाद आजाद नगर थाना पुलिस ने नगर निगम के प्रभारी सफाई दरोगा सोनू कल्याणे को गिरफ्तार कर लिया है। सईद ने आजाद नगर थाना पुलिस को आवेदन दिया था कि वे एमटी शाखा के चालक के रूप में पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। मंगलवार को वे मूसाखेड़ी चौराहे से गुजर रहे थेए तभी उनकी गाड़ी दरोगा कल्याणे ने रोकी और कर्मचारी राहुल कटारे ने गाड़ी का चाबी निकाल ली। उन्होंने मुंह पर रुमाल पहना था, उसे भी आरोपितों ने निकाल लिया और कहा कि मास्क कहां हैं।
मास्क नहीं है तो चालान कटाना पड़ेगा। दोनों ने मिलकर उनके साथ गालीगलौज की। इसके बाद उन्होंने 200 का चालान कटाया और जाने लगे तो फिर से दोनों ने अभद्रता की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। पुलिस कटारे की तलाश कर रही है।
दरोगा कल्याणे को मिले न्याय, निगम कामगार संघ ने निगमायुक्त के नाम सौंपा ज्ञापन
नगर अनुसूचित जाति और निगम कर्मचारी-कामगार संघ ने दरोगा सोनू कल्याणे के साथ हुए घटनाक्रम पर रोष जाहिर किया है। संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को निगमायुक्त प्रतिभा पाल के नाम सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि कल्याणे को न्याय दिलाया जाए, साथ ही निगम के कामगारों और दरोगाओं को चालानी कार्रवाई का दायित्व नहीं सौंपा जाए। संघ के संयोजक महेश गौहर, संतोषबाई गौसर, नागराज नागर, विमला परोचे, धीरज यादव आदि ने आयुक्त की अनुपस्थिति में अपर आयुक्त एसके चैतन्य को ज्ञापन दिया। अपर आयुक्त ने कहा कि इस संबंध में निगमायुक्त ही फैसला लेंगी। ज्ञापन से उन्हें अवगत करा दिया जाएगा।