CM सामूहिक विवाह योजना में रिकॉर्ड आवेदन, 400 जोड़ो की शादी का लक्ष्य

CM Samuhik Vivah Yojana couples mass marriage ceremony
CM सामूहिक विवाह योजना के तहत सैकड़ों जोड़ो की शादी का आयोजन

1017 आवेदन पहुंचे, पात्र जोड़ो के चयन के लिए सत्यापन प्रक्रिया तेज

लक्ष्य से ढाई गुना ज्यादा आवेदन

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के दूसरे चरण को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। इस चरण में 400 जोड़ो की शादी कराने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, योजना के लिए कुल 1017 आवेदन प्राप्त हुए हैं। यानी लक्ष्य से करीब ढाई गुना ज्यादा आवेदन आए हैं। ऐसे में अब समाज कल्याण विभाग पात्र जोड़ो के चयन के लिए आवेदनों का सत्यापन कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आवेदनों की जांच के बाद योग्य लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

पहले चरण में 491 जोड़ो को मिला लाभ

वहीं, विभाग का दावा है कि पहले चरण में 491 जोड़ो को योजना का लाभ दिया गया था। जिला समाज कल्याण अधिकारी डा. राहुल गुप्ता ने बताया कि पोर्टल पर प्राप्त सभी आवेदनों को ध्यानपूर्वक जांचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो आवेदन पहले प्राप्त हुए हैं और पात्रता पूरी करते हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाएगा। इससे योजना का लाभ सही लोगों तक पहुंच सकेगा।

अलग-अलग तिथियों पर होंगे विवाह आयोजन

विभाग ने विवाह कार्यक्रमों की तारीखें भी तय कर दी हैं। 20 मार्च को एमडीएस मैरिज लॉन में पहला आयोजन होगा। इसके बाद 23 मार्च को उतरौला के शालीमार लॉन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 27 मार्च को सदर तहसील स्थित माया होटल में सामूहिक विवाह संपन्न कराए जाएंगे। सभी आयोजनों की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

हर जोड़े पर एक लाख रुपये का खर्च

इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत देना है। प्रत्येक जोड़े पर करीब एक लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसमें 60 हजार रुपये सीधे बेटी के बैंक खाते में भेजे जाते हैं। इसके अलावा 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है। वहीं 15 हजार रुपये विवाह आयोजन पर खर्च किए जाते हैं। इस योजना से गरीब परिवारों की आर्थिक चिंता कम हो रही है और सामाजिक स्तर पर भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।

Read More :- जम्मू नगर निगम की अनोखी पहल, मंदिरों के फूलों से बनेगी जैविक खाद