कोरोना का कहर जारी, 266 की मौत, संक्रमितों की संख्या पहुंची 7901

खबर की वीडियो देखने के लिए नीचे दी गई लिंक पर क्लिक करें-https://youtu.be/Wz6OlIrqOM8

देश में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 266 हो गई है। शनिवार को मध्यप्रदेश के इंदौर में 75, 66 और 52 साल के तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ इंदौर शहर में अब तक 30 लोगों की जान जा चुकी है। ये तीनों कोरोना पॉजिटिव शहर के अलग-अलग अस्पताल में इलाज करा रहे थे। इनमें से दो को डायबिटीज समेत अन्य बीमारियां भी थीं। उधर, केरल में भी एक मौत हुई। यहां के कुन्नुर में 71 साल के व्यक्ति ने आखिरी सांस ली। इसे भी हार्ट और हाइपरटेंशन से जुड़ी बीमारियां थीं।
एक अन्य मौत महाराष्ट्र में हुई। मुंबई के धारावी के रहने वाले एक 80 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वह मुंबई के कस्तूरबा हॉस्पिटल में भर्ती था। उसकी किडनी खराब थी। इसके साथ हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज भी थी।
वहीं देश में कुल संक्रमितों की संख्या 7 हजार 901 हो गई है। आज राजस्थान में 117, महाराष्ट्र में 92, गुजरात में 54, कर्नाटक में 7, उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश और झारखंड में 3-3, मध्यप्रदेश में 2 जबकि बिहार और हरियाणा में 1-1 मामला सामने आया। ये आंकड़े कोविड91इण्डिया.ओआरजी वेबसाइट और राज्य सरकारों के आंकड़ों के अनुसार हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 7 हजार 529 संक्रमित हैं। इनमें से 6 हजार 634 का इलाज चल रहा है। 652 ठीक हुए हैं और 242 की मौत हो चुकी है।