दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर, हर घंटे 51 एफआईआर दर्ज

चुनाव परिणाम के दिन जारी एनसीआरबी-2022 की रिपोर्ट में दावा- हर दिन 78 हत्या

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) ने 2022 की रिपोर्ट हाल ही जारी की है जिसमें बताया है कि दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर है। यहां साल 2022 में एक दिन में 3 रेप केस दर्ज किए गए। रिपोर्ट में बताया कि देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 4 लाख 45 हजार 256 केस दर्ज किए गए, यानी हर घंटे करीब 51 एफआईआर हुईं। 2021 में यह आंकड़ा 4 लाख 28 हजार 278 था।

रिपोर्ट में बताया कि 2021 की तुलना में महिला अपराधों में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 2022 में 28 हजार 522 मर्डर केस दर्ज हुए यानी हर दिन 78 हत्या हुईं। रिपोर्ट में बताया कि देश में बच्चों, अनुसूचित जाति (एससी, अनुसूचित जनजाति (एसटी) और साइबर क्राइम बहुत ज्यादा बढ़े हैं। महिला अपराधों में उत्तर प्रदेश टॉप पर एनसीआरबी रिपोर्ट में सामने आया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर (प्रति 1 लाख जनसंख्या पर घटनाओं की संख्या) 2021 में 64.5 प्रतिशत से बढ़कर 2022 में 66 प्रतिशत हो गई है। इसमें से 2022 के दौरान 19 महानगरों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 48 हजार 755 मामले दर्ज किए गए, जो 2021 (43 हजार 414 केस) की तुलना में 12.3 प्रतिशत ज्यादा हैं। 2022 में महिला अपराध में 65 हजार 743 मामलों के साथ उत्तर प्रदेश टॉप पर है। इसके बाद महाराष्ट्र (45331 केस) और राजस्थान (45058 केस) पश्चिम बंगाल (34738 केस) और मध्य प्रदेश (32765 केस) का नंबर हैं। 2022 में 10 हजार स्टूडेंट्स ने सुसाइड किया रिपोर्ट में सामने आया कि 2022 में 18 साल से कम उम्र के 10 हजार 295 बच्चों ने सुसाइड किया। इनमें लड़कों की संख्या 4616 थी, जबकि लड़कियों की संख्या 5588 थी। 2 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स ने परीक्षाओं में फेल होने के कारण सुसाइड किया।