जिला कार्यसमिति बैठक: भाजपा जनता की मुखर आवाज

सवाई माधोपुर। भारतीय जनता पार्टी सवाई माधोपुर जिला कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को पैराडाइज रिसोर्ट में प्रदेश मंत्री श्रवण सिंह बगड़ी के मुख्यातिथ्य एवं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. भरतलाल मथुरिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वंदे मातरम् गान के साथ कार्यसमिति का शुभारंभ किया गया। अतिथियों का पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। उद्घाटन सत्र एवं अध्यक्षीय सम्बोधन में जिला अध्यक्ष डॉ. भरतलाल मथुरिया ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है और भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि हैं। उन्होंने वैश्विक महामारी कोरोना काल में संगठन के द्वारा जिले में सेवा ही संगठन के तहत कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए जनसेवा के कार्यों पर प्रकाश डाला। प्रदेश मंत्री जितेंद्र गोठवाल ने कोविड चुनौती का सामना विषय पर के संदर्भ में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संकट का मुकाबला करता राष्ट्र शीर्षक पर कहा कि जो लोग टीकाकरण अभियान पर सबाल उठा रहे हैं, उम्मीद है उन्हें जवाब मिल गया होगा। मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत में वैक्सीनेशन की रफ्तार दुनिया के कई विकसित देशों से तेज है। कोविड-19 से आमजन की सुरक्षा के लिए 21 जून से 18 से अधिक आयु वाले सभी युवाओं को केन्द्र सरकार द्वारा मुफ्त वैक्सीन लगाने का निर्णय कोरोना मुक्त भारत की दिशा मेें ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि जनता को भोजन की समस्या से निजात दिलाने के लिए पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के 80 करोड़ लोगों के लिए दीपावली तक मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने राजनैतिक प्रस्ताव पर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कहा कि प्रदेश अपराधियों का गढ़ बन गया है। महिला अत्याचार के मामले में पहले स्थान एवं दलित अपराध के मामले में प्रदेश दूसरे स्थान पर हैं। राजस्थान में सुशासन, सुरक्षा और न्याय की बात तो दूर की बात है बल्कि अपराध वृद्धि में नित नए आयाम बना रहा है। सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही हैं। बेबस और लाचार सरकार से अब जनता ने भी उम्मीद करना छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायती राज चुनाव में भाजपा जिलेभर में परचम लहराएगी। जिले में प्रमुख एवं सभी प्रधान भाजपा के बनेंगे। जिला प्रभारी नारायण मीना ने संगठन सत्र में सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राजनीतिक दल को सामाजिक सरोकार की शक्ल देकर लोगों में भरोसा और विश्वास पैदा किया है। उन्होंने संगठन संरचना, पन्ना प्रमुख नियुक्ति, आगामी प्रवास एव आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री श्रवण सिंह बंगड़ी ने समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए भाजपा की रीति-नीति एवं संगठन की मजबूती, संगठनात्मक विषयों, विस्तार एवं आगामी कार्ययोजना के संदर्भ में विस्तृत संवाद किया। साथ ही बताया कि मजबूत संगठन संरचना के आधार पर ही भाजपा आज जनता की मुखर आवाज हैं। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशा मीना व पूर्व जिला अध्यक्ष प्रेमप्रकाश शर्मा ने भी सम्बोधित किया। पूर्व प्रधान राजेन्द्र मीना ने धन्यवाद ज्ञापित किया।कल्याण मंत्र के साथ जिला कार्यसमिति सम्पन्न हुई। इस दौरान गंगापुरसिटी सभापति शिवरतन गुप्ता, जिला महामंत्री मनोज बंसल, रामसिंह खटाना, मंडल अध्यक्ष गिरधारी सोनी, पुखराज सलेमपुर, मुकेश सोनी, सवाई सिंह, मिथलेश व्यास, मेघराज सैनी, अशोक गुप्ता, गोपाल धामोनिया, जुगल शर्मा, घनश्याम शर्मा, उदयसिंह गुर्जर, मनोज कुनकटा, संदीप सिंह, धनेश शर्मा आदि मौजूद थे।