गंगापुर स्थापना महोत्सव: दीपदान महोत्सव की तैयारियां जोरो पर

नगर परिषद् सभापति के साथ लिया महोत्सव की तैयारियों का जायजा
गंगापुर सिटी।
गंगापुर सिटी स्थापना महोत्सव की पूर्व संध्या पर नाजिम वाला तालाब पर दीपदान महोत्सव का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसकी तैयारियों को लेकर संयोजक मंडल की टीम ने नगर परिषद् सभापति के साथ व्यवस्थाओ पर विचार विमर्श किया।
नगर परिषद् एवं शहर की समस्त सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से गंगापुर स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर होने वाले दीपदान महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। कार्यक्रम में सैंकड़ों शहरवासियों के एकत्रित होने की संभावना है।
रविवार सुबह नाजिम वाला तालाब पर कार्यक्रम स्थल के बारे में जगह और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए नगर परिषद् सभापति शिवरतन अग्रवाल व कार्यक्रम संयोजक मंडल की टीम पहुंची।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक डॉ. मुकेश गर्ग ने बताया कि रोजाना तैयारियों को लेकर संयोजक मंडल की बैठक हो रही है। आमंत्रण-पत्र वितरित किए जा रहे हैं।

सभी सामाजिक, व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी अन्य सार्वजानिक महकमे के आला अधिकारियों को कार्ड व व्यक्तिगत बुलावा के द्वारा आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही शहर के प्रतिष्ठित सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक प्रभुत्व वाले लेखक विचारक प्रबुद्धजनों का एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया है। इस ग्रुप में नाजिम वाला तालाब पर विकसित किए जा रहे कुशालगढ़ पक्षी विहार को सरकार द्वारा ऑथराइज्ड करने और इसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल विकसित करने के मास्टरप्लान बनाए जाने को लेकर एक संयुक्त कार्यकारणी बनाई जाएगी।
कार्यक्रम 30 अप्रैल को शाम 6 बजे से शुरू होगा। करीब 7.30 बजे दीप दान का कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। कार्यक्रम तय समय पर ही शुरू होगा। देरी इसलिए नहीं कर सकते क्योंकि पाल वाले एरिया पर अँधेरा हो जाता है तथा हाई वे रोड होने से अँधेरा होने पर आवाजाही में असुविधा नहीं हो, इसलिए सभी शहरवासियों को कार्यक्रम में समय पर पहुँचने के लिए निवेदन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक रामकेश मीना होंगे। अध्यक्ष्यता नगर परिषद् सभापति शिवरतन अग्रवाल करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में सवाई माधोपुर जिलाधीश सुरेश कुमार ओला, अतिरिक्त जिला कलेक्टर नवरतन कोली, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश खींच, उपजिला कलेक्टर अनिल चौधरी, नगर परिषद् आयुक्त दीपक चौहान, फॉरेस्ट रेंजर दीपक शर्मा, उदेई कलां सरपंच प्रतिनिधि मुक्तदिर अहमद रहेंगे।
डॉ. गर्ग ने बताया कि हमारे शहर के विधायक रामकेश मीना ने इस दिशा में अपने अधिकारों और कर्तव्य का प्रयोग करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है। इस एरिया को वेटलैंड संरक्षित एरिया घोषित करवाने हेतु संबंधित वन पर्यावरण मंत्रालय मुख्यमंत्री और सचिवालय कलेक्ट्रेट को पत्र भेज दिए गए हैं। साथ ही प्रोजेक्ट रिपोर्ट भेजी जा चुकी है।
नगर परिषद् भी दीपदान महोत्सव की तैयारियों को लेकर गंभीर है और दीपदान महोत्सव की व्यवस्थाओं का पूरा खर्च उठा रहा है।
ज्ञात हो कि नगर परिषद् के द्वारा पाल वाले एरिया को क्लीन कर वृक्षारोपण की तैयारियां भी कर ली गई है।