बारिश के साथ ओले? अभी खत्‍म नहीं हुई है मौसम की बेईमानी, IMD का अपडेट पढ़ लीजिए

नई दिल्‍ली: मौसम की बेईमानी अभी खत्‍म नहीं होने वाली है। फरवरी में मई-जून जैसी गर्मी। फिर मार्च में सर्दी की वापसी। लोगों को पिछले दो महीनों में मौसम ने गजब रंग दिखाया है। दिल्‍ली, पंजाब, यूपी सहित उत्‍तर भारत के कई हिस्‍सों में बारिश के साथ ओले गिरने के आसार हैं। मौसम विभाग (IMD) पहले ही 23 मार्च से मौसम बिगड़ने की बात कह चुका है। उसके मुताबिक, दिल्‍ली, पंजाब, हरियाणा, उत्‍तर प्रदेश, राजस्थान जैसे राज्यों के साथ उत्‍तर पश्चिम भारत में तेज गरज के साथ बारिश शुरू होने की संभावना है। कुछ राज्‍यों के लिए तो अलर्ट तक जारी किया जा चुका है।

उत्‍तर भारत में मार्च में हो रही बारिश ने पारा अचानक नीचे की ओर लुढ़का दिया है। हालांकि, इसका नुकसान भी हुआ है। बारिश से गेहूं और सरसों की फसल का उत्‍पादन प्रभावित हुआ है। बारिश के साथ ओलावृष्टि ने खड़ी फसलों को बुरी तरह से बर्बाद किया है। आलू की खुदाई पर भी असर पड़ा है। आम का बौर झड़ गया है।

कैसा रहने वाला है आगे मौसम?
हालांकि, अभी मौसम की बेईमानी यहीं खत्‍म नहीं हो गई है। आईएमडी ने मंगलवार को एक बयान जारी किया था। इसमें उसने कहा था कि 23 मार्च से 25 मार्च के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है।

विभाग के मुताबिक, दिल्ली में शुक्रवार को गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में अगले छह से सात दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है।

बारिश तोड़ रही कई सालों के र‍िकॉर्ड
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे खत्म हुई 24 घंटे की अवधि में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह पिछले तीन वर्षों में मार्च में शहर में एक दिन में हुई सर्वाधिक बारिश है। पिछले चार दिनों से राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। यह सामान्य से तीन से पांच डिग्री कम है।

मुंबई में मंगलवार को 16.6 मिमी बारिश हुई। यह मार्च 2006 के बाद अभी तक एक दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश है। मुंबई में मार्च के महीने में विरले ही बारिश होती है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आई नमी के कारण बारिश हुई है।