जयपुर जेल: लोहे की पत्ती पर धार लगा रहा था कैदी, एफआईआर

जयपुर। केंद्रीय कारागृह में एक कैदी शौचालय के पास लोहे की पत्ती पर धार लगा रहा था। पता लगने के बाद प्रहरी ने कैदी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

केंद्रीय कारागृह में तैनात उप कारापाल सुगन सिंह के अनुसार जेल प्रहरी राजवीर सिंह वार्ड एक के पास पहरा दे रहा था। इस दौरान वार्ड एक के समीप बने शौचालय के पास 279 शक्ति कॉलोनी आमागढ़ ट्रांसपोर्ट नगर निवासी कैदी वसीम पुत्र कलवा बैठा था और शौचालय के पास लोहे की एक पत्ती पर पत्थर से धार लगा रहा था। जब वसीम से लोहे की पत्ती पर धार लगाने का कारण पूछा तो उसने संतोषजनक जबाव नहीं दिया। इससे किसी की जान को खतरा होने का अंदेशा देखते हुए कैदी के खिलाफ लाल कोठी थाने में प्रिजनर एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई।

जेल स्टाफ के अनुसार आरोपी वसीम किसी पर हमला करने की योजना बना रहा था। इसलिए उसने कैंटीन की रसोई में रखी लोहे की पत्ती को चुराया। बाद में इसे लेकर शौचालय के पास धार लगाने लगा। आरोपी वसीम वारदात से पहले पकड़ा गया अन्यथा अप्रिय घटना हो सकती थी। दूसरी ओर आरोपी के पकड़े जाने के बाद उसे अलग बैरक में शिफ्ट कर दिया है। वसीम ने जेल प्रशासन को इस संबंध में जानकारी दी है, जिसे जेल विभाग ने पुलिस के साथ साझा किया है।