पमरे में मजदूर संघ को झटका, दो पदाधिकारी वेसेरेएयू में शामिल

गंगापुर सिटी। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा में वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ को बड़ा झटका लगा है। संघ के दो पदाधिकारियों ने मजदूर विरोधी नीतियों से असंतुष्ट होकर डब्ल्यूसीआरईयू में शामिल होने का निर्णय लिया है। वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे मजदूर संघ के पदाधिकारियों में बढ़ रहा असंतोष परिणाम में बदलते हुए आज वैगन रिपेयर शॉप शाखा संगठन सचिव आर.पी. मीणा तथा पुराने कर्मठ कार्यकर्ता घनश्याम मीणा ने एम्पलाईज यूनियन का दामन थाम लिया। उनके साथ 400 से अधिक संघ के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
यूनियन के शाखा सचिव अरविन्द सिंह ने बताया कि वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे मजदूर संघ से त्यागपत्र देकर अपने 400 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ एम्पलाईज यूनियन में आज विधिवत रूप से सदस्यता ग्रहण की। मीणा ने बताया कि मजदूर संघ को मजदूर संगठन की बजाय प्राईवेट लिमिटेड कम्पनी के तरह तुगलकी फरमानों के चलते अपनी राह बदलने का निर्णय लिया, जिससे कार्यकर्ताओं ने असंतोष फैलने का काम हुआ।
वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे मजदूर संघ में उन्होंने वर्षों काम किया है, परन्तु अब मजदूर संघ एक भटनागर प्राईवेट लिमिटेड की तरह काम कर रहे हैं। अब वहां मजदूरों एवं मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की कोई अहमियत नहीं रह गई है। वर्षों से संगठन के लिये काम कर रहे कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर मजदूर संघ द्वारा मनमाने तरीके से संगठन को संचालित करने की कार्यप्रणाली से परेशान होकर हम सभी ने संघ से त्याग पत्र देकर यूनियन की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया है।