ललन सिंह ने दिया इस्तीफा, नीतीश कुमार संभालेंगे जदयू की कमान


नई दिल्ली। जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को हुई। नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में पार्टी अध्यक्ष ललन सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद ललन ने नीतीश का नाम प्रस्तावित किया जिसकी औपचारिक घोषणा शाम को होने की संभावना है।
जदयू नेता श्रवण कुमार ने कहा कि ललन सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है क्योंकि उन्हें लोकसभा चुनाव लडऩा है, जिसके लिए उन्हें समय नहीं मिल पाता है। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस्तीफा दे दिया है और नीतीश कुमार का नाम (पार्टी अध्यक्ष के लिए) प्रस्तावित किया है और सीएम ने इसे स्वीकार कर लिया है।

READ MORE: एक Ram Mandir ऐसा भी… जहां हिंदू नहीं कर सकते पूजा
बैठक में अटकलों के मुताबिक ललन सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार की मौजूदगी में ललन सिंह ने इस्तीफे की घोषणा की। नीतीश एक बार फिर से जदयू के अध्यक्ष पद की कमान भी संभाल लेंगे। ललन सिंह और नीतीश कुमार सुबह मीटिंग के लिए कन्स्टीट्यूशन क्लब पहुंचे थे। बैठक में नीतीश कुमार ने अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि जदयू इंडिया गठबंधन के साथ ही लोकसभा चुनाव लड़ेगी।
पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने कहा कि पार्टी की शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी जिसमें सभी फैसलों की आधिकारिक रूप से घोषणा की जाएगी। बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि “नीतीश कुमार ने अध्यक्ष पद स्वीकार कर लिया। अभी राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी उसमें अगर प्रस्ताव अनुमोदित हो जाता है तो स्वाभाविक रूप से वे राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। ललन सिंह ने खुद कहा कि उन्होंने पहले भी मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही पद स्वीकार किया था अब उन्हें चुनाव लडऩे के लिए लगातार बाहर रहना होगा इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया वे पद स्वीकार करें।