सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में शनिवार को
पहली गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने हत्याकांड से जुड़े आरोपी व साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। साजिशकर्ताओं में शामिल रामवीर (23) पुत्र सतवीर को जयपुर पुलिस ने शनिवार को उसके गांव महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के सत्तनाली इलाके के सुरेती (पिलानियां) से गिरफ्तार किया है। रामवीर, शूटर नितिन फौजी का बचपन का दोस्त है।

जयपुर में रूकने की व्यवस्था की थी
बदमाश रामवीर ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी (53) को मारने वाले शूटर नितिन फौजी के लिए जयपुर में पूरी व्यवस्था उपलब्ध करवाई थी। 5 दिसंबर को गोगामेड़ी की नितिन फौजी और रोहित राठौड़ ने श्याम नगर (जयपुर) स्थित उनके घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी थी। मर्डर के बाद रामवीर अपनी बाइक से नितिन फौजी और रोहित राठौड़ को बगरू टोल प्लाजा से आगे ले गया था। राजस्थान रोडवेज के नागौर डिपो की बस में बैठाकर फरार करवाया।
उन्होंने बस में एक लड़के का फोन लेकर किसी को कॉल भी किया था। डीडवाना पहुंचने के बाद भी दोनों शूटर ने एक ड्राइवर को कॉल लगाया और स्विफ्ट कार किराए पर ली। इसी कार में दोनों शूटर्स सुजानगढ़ तक पहुंचे। यहां से दिल्ली की बस में सवार होकर फरार हो गए।
शूटर रोहित और नितिन फौजी हत्या के बाद राजस्थान रोडवेज की बस से डीडवाना गए। वहां से किराए की कार से सुजानगढ़ पहुंचे थे।
रामवीर व नितिन फौजी बचपन के दोस्त
एडिशनल पुलिस कमिश्नर कैलाश चन्द्र बिश्नोई के अनुसार रामवीर सिंह और नितिन फौजी के गांव आस-पास हैं। दोनों आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल महेंद्रगढ़ में 12वीं क्लास में एक साथ पढ़ाई करते थे। 12वीं पास करने के बाद नितिन फौजी सेना में भर्ती हो गया। रामवीर ने जयपुर के मानसरोवर स्थित विल्फ्रेड कॉलेज से साल 2017 से 2020 तक बीएससी और 2021 से 2023 तक कालवाड़ रोड स्थित विवेक पीजी कॉलेज से एमएएससी (मैथ) की पढ़ाई की। रामवीर अप्रैल 2023 में एमएससी का अंतिम पेपर देकर गांव चला गया था।
नितिन आर्मी में है, नवंबर में छुट्टी पर आया था
गोगामेड़ी पर फायरिंग करने वाला दूसरा आरोपी नितिन आर्मी में है। उसके पिता कृष्ण कुमार फौज से रिटायर्ड हैं। नितिन का बड़ा भाई अशोक कुमार भी आर्मी में है। वह हरियाणा के महेंद्रगढ़ का रहने वाला है। उसका गांव दोगड़ा जाट है। नितिन करीब 5 साल पहले फौज में भर्ती हुआ था। बहरोड़ (अलवर) में 19 जाट बटालियन में उसकी पोस्टिंग थी। एक साल पहले ही बहरोड़ में उसकी पोस्टिंग हुई थी। वह 8 नवंबर को दो दिन की छुट्टी लेकर गांव आया था। गांव में एक दिन ही रुका था। अगले दिन 9 नवंबर को वह गाड़ी की सर्विस कराने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह न तो घर लौटा, न ही परिवार के सदस्यों से फोन पर कोई बात हुई।

READ MORE: करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव की हत्या

रामवीर पहले भी कर चुका है मदद
9 नवंबर को नितिन फौजी और उसके साथियों ने महेंद्रगढ़ में सदर थाना पुलिस पर फायरिंग की थी और फरार हो गए थे। रामवीर ने नितिन फौजी की जयपुर में होटल और अपने परिचित के फ्लैट पर रुकने की व्यवस्था की थी। शनिवार को पुलिस ने आरोपी रामवीर को उसके घर से पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया है।
बदमाशों ने बातचीत के दौरान अचानक सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर फायरिंग कर दी थी। गोली लगते ही वह नीचे गिर गए थे।
बदमाशों ने बातचीत के दौरान अचानक सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर फायरिंग कर दी थी। गोली लगते ही वह नीचे गिर गए थे।
सुखदेव के घर में घुसकर गोलियां मारी थीं
2 बदमाशों ने 5 दिसम्बर को दिनदहाड़े सुखदेव गोगामेड़ी पर गोलियां चलाईं और भाग निकले। घायल अवस्था में गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गोगामेड़ी के साथ घटना के दौरान मौजूद गार्ड अजीत सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बदमाशों की फायरिंग में नवीन शेखावत की भी मौत हो गई थी। नवीन ही बदमाशों को गोगामेड़ी के घर ले गया था। गोगामेड़ी की हत्या के बाद अस्पताल के बाहर ही धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया था। राजपूत समाज के लोग काफी संख्या में जमा हो गए थे। अगले दिन राजस्थान बंद रखा गया था।