सामूहिक गोवर्धन पूजा में झलकी श्रद्धा

गुर्जर मोहल्ला में बना सबसे बड़ा गोवर्धनजी
पांच दिवसीय दीपोत्सव मनाया
गंगापुरसिटी।
क्षेत्र में लोगों ने दीपोत्सव का त्योहार परम्परागत रूप से मनाया। घरों और दुकानों पर सजावट के साथ धनतेरस के साथ शुरू हुए उत्सव के तहत मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की गई। शुक्रवार को गोवर्धन पूजा कर मंगल कामनाएं की गई। सुबह मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। बड़े-बड़े कडाहों में कड़ी, हरी सब्जी, बाजरा का भोग तैयार किया गया। दोपहर को भगवान को भोग लगाने के बाद श्रद्धालुओं ने अन्नकूट प्रसादी ग्रहण किया। गोपालजी मंदिर, बाराह अवतार मंदिर, गोपीनाथजी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।
वहीं शुक्रवार को घरों में गोवर्धनजी की पूजा की गई। गुर्जर मोहल्ला में समाज के नागरिकों ने करीब 25 फीट के गोवर्धनजी की सामूहिक पूजा-अर्चना की। इस दौरान गोवर्धनजी महाराज के जयकारे गूंजते रहे। आम चौरासी गुर्जर समाज अध्यक्ष हरगोविन्द कटारिया ने बताया कि इस पूजा का काफी महत्व है। सभी मिल कर पूजा कर खुशहाली की कामना करते है। पूजा के दौरान कोरोना गाइड लाइन की पालना की गई।