पोलियो के बजाय बच्चों के मुंह में डाल दिया सेनिटाइजर, मचा हड़कंप

महाराष्ट्र से लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। इस घटना के बाद हर कोई हैरान रह गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़े मामले में अधिकारियों को एक्शन लेना पड़ा। दरअअसल महाराष्ट्र में कई मासूमों को पोलियो ड्रॉप की जगह सेनिटाइजर पिला दिया। ये घटना सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया। अचानक बिगड़ी तबीयत के बाद 12 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। ये घटना घाटान्जी के काप्सी कोपारी गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई है। फिलहाल इस मामले में तीन नर्सों को सस्पेंड किया गया है। रविवार को करीब 2 हजार बच्चे पोलियो के लिए अपने परिजनों के साथ पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, कुछ बच्चों को पोलियो की खुराक के बजाय सेनिटाइजर की बूंदे पिला दी गई। इसके बाद बच्चों को उल्टियां शुरू हो गईं। ये देख परिजन हंगामा करने लगे। सभी बच्चों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के चिकित्सकों ने कहा कि बच्चों की हालात स्थिर है। मंगलवार की शाम तक बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी। चिकित्सकों ने कहा कि सेनिटाइजर में 70 फीसदी तक अल्कोहल होता है। इस वजह से बच्चों को ये परेशानी हो गई।
बाद बताया गया कि वैक्सीन ड्रॉप्स के पास ही सेनिटाइजर रखा हुआ था। नर्सों ने यह सेनिटाइजर, वैक्सीन समझकर उठा लिया और बच्चों को दे दिया। इस मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग जांच पड़ताल करने में लगा है। इस मामले में तुरंत तीन नर्सों को सस्पेंड किया गया है।