शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ

गंगापुर सिटी। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में मौजूद सभापति एवं कलश यात्रा में शामिल महिलाएं।

16 को हेगाा विशाल भण्डारा
गंगापुर सिटी।
भोलेनाथ भक्त मंडल के तत्वावधान में होने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रम का आगाज भव्य कलश यात्रा के साथ गुरुवार को हुआ। सुबह 7 बजे सीताराम जी मंदिर पुरानी अनाज मंडी पर सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष एवं भक्तगण एकत्रित हुए। आचार्य शास्त्री ने विधि-विधान के अनुसार मंत्रोच्चार से सीताराम जी मंदिर प्रांगण पर विशेष पूजा-अर्चना कराकर ध्वज एवं मुख्य कलश की पूजा-अर्चना के बाद भक्तजनों ने शिव परिवार की मूर्तियों को सिरों पर रखकर मंदिर प्रांगण से रवाना हुए। महिलाएं कलशों को सिर पर धारण करके मंगलगीत गाती हुई चल रही थी। बैंड बाजों की धुन पर भक्तगण नाचते-गाते हुए चल रहे थे। बैंड बाजों की धुन पर एक से बढ़कर एक भजन बोले किसी और को क्यों देखे आंखे जब दिल पर लिया भोलेनाथ नाम तेरा…, ना छोडियो हाथ मेरा भोलेनाथ तेरा बिना जीवन अधूरा…, जगत के सिर पर जिनका हाथ वही है अपने भोलेनाथ…, मरू वाले बाबा तुमको आना होगा डम-डम डमरू बजाना होगा मां गोरा संग गणपति जी को लाना होगा…, मेरे सिर पर रख दो भोले अपने यह दोनों हाथ देना हो तो दीजिए जन्म-जन्म का साथ… आदि भजनों की प्रस्तुति दी, जिन पर भक्त भाव-विभोर होकर झूम उठे। कलश यात्रा के दौरान भगवान भोलेनाथ एवं पार्वती की सजाई गई सजीव आकर्षक झांकी एवं उनका नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा।
कलश यात्रा पुरानी अनाज मंडी, व्यापार मंडल देवी स्टोर चौराहा, खारी बाजार, चौपड़ बाजार होते हुए कार्यक्रम स्थल बालाजी चौक मंदिर पर पहुंची। कलश यात्रा का जगह-जगह व्यापारी एवं आमजन की ओर से पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। बालाजी चौक मंदिर पर कलशों को स्थापित किया। साथ ही भगवान शिव परिवार की मूर्तियों को विराजित कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्हें पूजा-अर्चना के लिए रखा एवं सभी भक्तों ने आरती की।
कलश यात्रा के दौरान प्रधानाचार्य गोविंद दीक्षित, शोभा दीक्षित, सभापति संगीता बौहरा, संतोष दुबे, सुशील दीक्षित, दर्शन सिंह गुर्जर, पार्षद नीरज दीक्षित, कल्पना शुक्ला, राधा दीक्षित, सावित्री शर्मा, मोनिका शर्मा, मीना गोयल, हनुमंत दीक्षित, कौशल बौहरा, कृपाशंकर उपाध्याय, गौरव मालधनी, महेंद्र लोढ़ी, आचार्य दौलश शास्त्री, मोनू शास्त्री पंडित बबलू, पंडित अशोक शर्मा, देवेंद्र, राजकुमार मिश्रा, व्याख्याता राकेश दुबे, गोविंद पाराशर सहित सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे। आयोजन से जुड़े प्रधानाचार्य गोविंद दीक्षित ने बताया कि 15 फरवरी को महा अभिषेक एवं शिव विवाह कार्यक्रम होगा। 16 फरवरी रविवार को प्राण-प्रतिष्ठा एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा।