Tauktae Cyclone रौद्र रूप में, कर्नाटक में 4 जनों की मौत, गुजरात में यलो अलर्ट जारी

चक्रवाती तूफान तौकते तेजी से आगे बढ़ रहा है और खतरनाक रूप धारण करता जा रहा है। फिलहाल वह गुजरात तट की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बताया गया है कि 17 मई की शाम तक गुजरात तट पर पहुंचने की संभावना है। यही तूफान 18 मई को सुबह पोरबंदर और (भावनगर जिले में) महुवा के बीच से राज्य के तट को पार करेगा। गुजरात, दमन व दीव में यलो अलर्ट जारी कर दिया है। बताया जा रहा है कि तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 170 किलोमीटर प्रति घण्टा रहेगी।
एनटीआरएफ की 5 टीमों को अहमदाबाद के लिए आज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एयरलिफ्ट किया जाएगा।
आपको बता दें कि पांच राज्यों (केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गुजरात) में अलर्ट किया गया है और एनडीआरएफ की 79 टीमें तैनात की है। साथ ही वायु सेना को भी अलर्ट पर रखा गया है। तौकते तूफान का असर मध्य प्रदेश और राजस्थान तक दिखाई दे सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हालात पर नजर रखे हुए हैं। केरल में भारी बारिश और बाढ़ के कारण दो लोगों की मौत की सूचना है।

READ MORE: Bengal Lockdown: बंगाल में आज से पूर्ण तालेबंदी, जरूरी सेवाओं को छोड़ सबकुछ रहेगा बंद

कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) के मुताबिक, चक्रवात तूफान के कारण पिछले 24 घंटों में 6 जिलों, 3 तटीय जिलों और 3 मलनाड जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा देखी गई है। अब तक 4 लोगों की जान जा चुकी है, 73 गांव प्रभावित हुए हैं।
चक्रवाती तूफान तौकते आगे बढ़ते हुए गोवा तट से टकरा गया है। इसके चलते पणजी और आसपास भारी बारिश हो रही है। वहीं भारी बारिश, तेज हवा और बाढ़ के कारण कर्नाटक में चार लोगों की मौत हो गई। मुंबई में अलर्ट जारी है। बीएमसी तैयारी में जुटी है। चक्रवात तूफान तौकते को लेकर गृह मंत्री अमित शाह की महाराष्ट्र और गुजरात के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक खत्म हो गई है। बैठक में गृह मंत्री ने अस्पतालों में पावर बैकअप बनाए रखने पर जोर दिया। वहीं गृह मंत्रालय में एक कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। बैठक में कोविड मरीजों का ख्याल रखने पर जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को तूफान से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में गृहमंत्री अमित शाह के अलावा विभिन्न मंत्रालयों व एजेंसियों के शीर्ष पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में तूफान की चपेट में आने के संभावित लोगों को सुरक्षित निकालने की बात सुनिश्चित की गई। उन्होंने बिजली, दूरसंचार, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल आपूर्ति में कोई व्यवधान आने पर उसकी तुरंत मरम्मत की बात भी कही। पीएम ने तूफान से प्रभावित होने वाले इलाकों के कोविड अस्पतालों का विशेष ध्यान रखने को भी कहा। उन्होंने स्थापित किए गए नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे खुला रखने की भी हिदायत दी।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार की रात चक्रवाती तूफान तौकते के विकराल होने की संभावना जताई है। इसके 17 मई की शाम को गुजरात के पोरबंदर और नालिया के बीच से गुजरने की संभावना है। इसके कारण 150 से160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान सौराष्ट्र के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है। पश्चिम रेलवे ने राज्य में 56 ट्रेनों को फिलहाल रद्द कर दिया है।
शनिवार रात यह तूफान कर्नाटक के तट से टकरा गया। राज्य के गृहमंत्री बासवराज बोम्मई ने उसकी पुष्टि कर दी है। इस तूफान के कारण 17 मई को गोवा के साथ महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी और मुंबई में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका जताई गई है। फिलहाल केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश हो रही है। केंद्रीय जल आयोग ने दोनों राज्यों में अचानक बाढ़ की आशंका पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार तौकते चक्रवात के दोपहर के बाद उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढऩे की संभावना है। विभाग का कहना है कि इसका केंद्र गोवा का उत्तर, उत्तर पश्चिम होगा और आज पूरे दिन यहां बारिश और आंधी जारी रहेगी।