समाज फिर शर्मशार.. बेटा लड़की लेकर भागा तो लोगों ने मां को निर्वस्त्र घुमाया

कर्नाटक के वंटामुरी गांव की घटना, बिजली के पोल से बांधकर पीटा, घर में की तोडफ़ोड़

कर्नाटक। वंटामुरी गांव में सोमवार को एक लड़का एक लड़की को भगाकर ले गया। इसके बाद लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के की मां को निर्वस्त्र घुमाया। इतना ही नहीं महिला को बिजली के पोल से बांधकर पीटा गया और उसके घर में भी तोडफ़ोड़ की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को पोल से आजाद कर अस्पताल ले गई। इस मामले में पुलिस ने 7 जनों को गिरफ्तार किया है।

बेलगावी के पुलिस अधीक्षक सिद्धरामप्पा ने बताया कि अशोक और प्रियंका दोनों एक ही समुदाय और एक ही गांव के हैं। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। रविवार रात करीब 12:30 बजे वे बिना बिताए गांव से चले गए। प्रियंका की सगाई किसी और से होने वाली थी। जब उसके घरवालों को पता चला तो वे अशोक के घर पहुंचे। उसकी मां से मारपीट की और बिजली के पोल से बांध दिया। सूचना मिलने पर काकती पुलिस सुबह करीब 4 बजे मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।