WCRE UNION: हस्ताक्षर अभियान को लेकर रेलकर्मियों में उत्साह

गंगापुरसिटी। रेल कर्मचारियों की ग्रेड पे बढ़ाने की मांग को लेकर वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन की ओर से चल रहे हस्ताक्षर अभियन गति पकडऩे लगा है। अभियान के प्रति कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष नरेन्द्र जैन ने बताया कि सभी विभागों के वरिष्ठ तकनीशियन को ग्रेड पे 4200 से 4600 रुपए में अपग्रेड करने एवं इन्जीनियरिंग विभाग के समस्त ट्रेकमेंनो को ग्रेड पे 4200 रुपए से 4600 देने की मांग को लेकर यूनियन कार्यकर्ता सभी कार्य स्थलों पर जाकर ट्रैकमेनो एवं तकनीकी कर्मचारियों से संपर्क कर मांग पत्र पर हस्ताक्षर करवा रहे हैं। शनिवार को भी बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों ने मांगों के समर्थन में हस्ताक्षर किए। इस दौरान मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की। मंडल के सभी स्टेशनों पर इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों एवं तकनीकी विभाग के कर्मचारियों ने यूनियन द्वारा जारी पोस्टर एवं मांग पत्रों को लेकर प्रदर्शन करते हुए हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। गंगापुरसिटी क्षेत्र में यूनियन के मंडल सह सचिव राजू लाल गुर्जर, सचिव सुधीन्द्र मिल्की, अमर सिंह, दिनेश गुर्जर, हरीमोहन गुर्जर, इमरान खान आदि पदाधिकारियों के नेतृत्व में श्री महावीरजी, पीलोदा, लालपुर उमरी स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों ने मांग पत्र पर हस्ताक्षर किए। यूनियन के आह्वान पर अपनी मांगों के समर्थन में ट्विटर अभियान भी चलाने का निर्णय लिया गया।