नहीं रही विश्व की दूसरी सबसे बुजुर्ग महिला तात्सुमी

इतिहास में 116 साल की उम्र तक पहुंचने वाली 27वीं और जापान की 7वीं शख्सियत, अंतिम बार खाया पसंद का खाना

नई दिल्ली। विश्व की दूसरी सबसे बुजुर्ग महिला फुसा तात्सुमी की 116 साल की उम्र में ओसाका के काशीवारा शहर स्थित एक नर्सिंग होम में मंगलवार को मृत्यु हो गई। वह जापान में सर्वाधिक समय तक जीवित रहने वाली शख्स थीं। मेट्रो के अनुसार तात्सुमी ने मंगलवार को पसंदीदा खाना बीन-पेस्ट जेली खाने के बाद आखिरी सांस ली।

काशीवारा के एक अधिकारी ने कहा ओसाका में मंगलवार को 116 साल की उम्र में एक हेल्थकेयर सुविधा में तात्सुमी की मृत्यु हो गई। दो विश्व युद्धों और कई महामारियों की गवाह तात्सुमी को पिछले साल केन तनाका के 119 वर्ष की आयु में निधन के बाद जापान के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति के रूप में मान्यता दी गई थी। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने अप्रैल 2022 में आधिकारिक तौर पर तनाका को दुनिया के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति के रूप में मान्यता दी थी।

यह भी पढ़ें-पर्ची खोलते ही उड़ गई वसुंधरा की हवाइयां, तनाव, निराशा के बीच दिखा कुर्सी का दर्द

स्थानीय ब्रॉडकास्टर एमबीएस की रिपोर्ट के अनुसार 1907 में जन्मी तात्सुमी ने ओसाका में किसान पति के साथ तीन बच्चों का पालन-पोषण किया। उल्लेखनीय है कि उन्होंने अपने अधिकांश हालिया दिन नर्सिंग होम के बिस्तर पर बिताए और इस दौरान वह नियमित रूप से वहां काम करने वाले कर्मचारियों का अभिवादन करती थीं। रिपोर्टों के अनुसार, फुसा तात्सुमी को पहले कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं थी और वह कभी भी गंभीर रूप से बीमार या घायल नहीं हुई थीं, सिवाय इसके कि जब 70 के दशक में गिरने के दौरान उनकी जांघ की हड्डी टूट गई थी। स्नातक शिक्षा प्राप्त तात्सुमी को बागवानी का भी शौक था।