संसद की सुरक्षा में सेंध: दो युवक विजिटर गैलरी से लोकसभा में कूदे, गिरफ्तार

सुरक्षा में सेंध: दो युवक विजिटर गैलरी से लोकसभा में कूदे, गिरफ्तार, संसद पर हमले की 22वीं बरसी पर सांसदों में मची अफरातफरी

देश की सर्वोच्च सुरक्षा वाली संसद की सुरक्षा में सेंध लगाते हुए बुधवार सुबह दो युवक संसद में घुस आए। यह देख सांसदों में अफरातफरी मच गई। संसद में घुसपैठी युवक शून्यकाल के दौरान दर्शक दीर्घा से संसद में घुसे। इस दौरान सांसदों को धुआं उठता दिखाई दिया। आरोपियों की पहचान सागर शर्मा और मनोरंजन के रूप में हुई है। दोनों मैसूर के बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा से पास लेकर संसद आए थे।

कार्यवाही के दौरान लोकसभा में बीजेपी सांसद स्वगेन मुर्मू अपनी बात रख रहे थे। युवकों ने जूते में कुछ स्प्रे टाइप का छिपा रखा था। वह सदन की बेंच पर उछल-कूद करने लगे और इस बीच सदन में गैस फैलने लगी। स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया। इसके बाद सांसदों ने युवक को पकड़ लिया। कुछ ने इसकी पिटाई भी की। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया गया।

यह भी पढ़ें- संसद पर हमले की 22वीं बरसी, मोदी सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

जानकारी के अनुसार सदन में 2 लोगों ने धुआं छोड़ा तथा सदन के बाहर एक महिला ओर पुरुष ने पीले रंग का धुआं छोड़ा। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पकड़कर बाहर किया। इस दौरान ये लोग नारेबाजी करते देखे गए। संसद परिसर के बाहर एक युवक और युवती को नारेबाजी और पटाखे फोडऩे के आरोप में हिरासत में लिया गया है। दोनों तानाशाही बंद करो के नारे लगा रहे थे। दोनों को सुरक्षा कर्मियों ने संसद मार्ग थाने में पूछताछ के लिए रखा है। संसद के अंदर और बाहर घुसपैठ करने वाले चारोंं आरोपियों को हिरासत में रखा गया है।

सागर भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रताप सिम्हा के नाम से जारी विजिटर पास के जरिए संसद भवन में दाखिल हुआ था। वह इंजीनियरिंग का छात्र है और मैसूर का रहने वाला है। इसके अलावा पकड़ा गया मनोरंजन पेशे से इंजीनियर बताया जा रहा है। साथ ही पुलिस ने हरियाणा के हिसार की रहने वाली नीलम और महाराष्ट्र के लातूर जिले के अमोल को संसद भवन के बाहर रंगीन धुंआ फैलाकर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया है।

पन्नू ने दी थी धमकी

खालिस्तानी आतंकी अमेरिका निवासी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने संसद पर हमले की धमकी दी थी। इसके बाद से ही दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर थी। पन्नू ने वीडियो जारी कर कहा था- हम संसद पर हमले की बरसी वाले दिन या इससे पहले संसद की नींव हिला देंगे। पन्नू ने संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु के साथ एक पोस्टर जारी किया था। पन्नू का वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा था- किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाडऩे की इजाजत नहीं दी जाएगी। जब संसद चलती है, तो हम हाई अलर्ट पर रहते हैं ताकि कोई भी किसी तरह की गड़बड़ी न फैला सके। गौरतलब है कि 2001 में 13 दिसंबर को संसद में विंटर सेशन के बीच सफेद एंबेसडर में सवार 5 आतंकी गेट नंबर-12 से संसद के अंदर घुस गए। आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।