संसद की सुरक्षा में सेंध, 8 सुरक्षाकर्मी निलंबित,पीएम की मंत्रियों के साथ मंत्रणा

नई दिल्ली। संसद की सुरक्षा में सेंध मामले में अब तक 8 सुरक्षाकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने संसद में घुसने की योजना करीब डेढ़ वर्ष पूर्व बनाई थी।

संसद सचिवालय ने सुरक्षाकर्मी रामपाल, अरविंद, वीरदास, गणेश, अनिल, प्रदीप, विमित और नरेंद्र को निलंबित किया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक की जिसमें गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और अनुराग ठाकुर मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार मामले में सभी आरोपी सोशल मीडिया पेज भगत सिंह फैन क्लब से जुड़े थे। करीब डेढ़ साल पहले सभी मैसूर में मिले थे। दस दिसंबर को सभी अपने-अपने राज्यों से दिल्ली पहुंचे। 13 दिसंबर को सभी इंडिया गेट के पास एकत्रित हुए जहां सभी को कलर स्प्रे दिया गया। शुरुआती जांच के अनुसार संसद सुरक्षा उल्लंघन का मुख्य साजिशकर्ता कोई और है। दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज किया है वहीं दिल्ली पुलिस ने एंटी टेरर और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया। गृह मंत्रालय ने इस घटना की जांच का आदेश दिया है।