661 अंक के साथ राष्ट्रीय स्तर पर शानदार सफलता, अनुशासन, निरंतर रिवीजन और सोशल मीडिया से दूरी को बताया सफलता का मंत्र।
गंगापुर सिटी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा घोषित नीट-2026 के परिणाम में गंगापुर सिटी की अनन्या गुप्ता ने शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 815 प्राप्त की है। अनन्या ने 720 में से 661 अंक अर्जित कर अपने परिवार, शिक्षकों और शहर का नाम रोशन किया है।
अनन्या के पिता राजेश कुमार गुप्ता एवं माता ममता गुप्ता दोनों सरकारी अध्यापक हैं। अनन्या ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, नियमित अध्ययन और लगातार रिवीजन को दिया। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन 6 से 8 घंटे पढ़ाई करती थीं तथा सोशल मीडिया और मोबाइल फोन से हमेशा दूरी बनाए रखती थीं, जिससे पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकीं।
अनन्या ने बताया कि जब री-नीट परीक्षा की जानकारी मिली तो शुरुआत में आश्चर्य हुआ, लेकिन उन्होंने बिना समय गंवाए दोबारा तैयारी शुरू की और पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देकर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
उन्होंने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई डीएस साइंस एकेडमी, गंगापुर सिटी में हुई, जहां से उनका शैक्षणिक आधार मजबूत बना। उन्होंने एकेडमी के निदेशक अवधेश शर्मा सहित सभी शिक्षकों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों ने हर विषय में उनके डाउट्स दूर किए और आवश्यकता पड़ने पर घर आकर भी मार्गदर्शन दिया।
अनन्या ने बताया कि उनके दादाजी गिर्राज प्रसाद गुप्ता और दादी गीता देवी का सपना था कि वह डॉक्टर बने। उनकी यह सफलता परिवार के उस सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।
