जल सेवकों का सम्मान, 108 पौधों का रोपण और 108 दीपों से भगवान महावीर स्वामी की भव्य आराधना
गंगापुर सिटी। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप, गंगापुर सिटी द्वारा रेलवे स्टेशन पर गत ढाई माह से संचालित निःशुल्क जल सेवा अभियान के सफल समापन के अवसर पर रविवार को दिगंबर जैन मंदिर (नसियां जी) परिसर में “जल सेवक मिलन समारोह”, सघन वृक्षारोपण अभियान एवं 108 दीपों से भगवान महावीर स्वामी की आराधना का भव्य आयोजन किया गया। सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम बने इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रुप के पदाधिकारियों, जल सेवकों, समाज के गणमान्य नागरिकों एवं महिला सदस्यों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर स्वामी के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन, मंगलाचरण एवं सामूहिक णमोकार मंत्र के पाठ के साथ हुआ। इसके पश्चात जल सेवा अभियान में समर्पित भाव से सेवा देने वाले सभी जल सेवकों का तिलक, दुपट्टा, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त करने वाले सदस्यों को भी सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।

कार्यक्रम संयोजक धर्मेंद्र जैन पांड्या एवं दीपेंद्र जैन पाटनी ने बताया कि समारोह में श्री महावीरजी रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रेलवे के एक्सईएन अनिल कुमार जैन का विशेष सम्मान किया गया। इसके अलावा होम्योपैथी चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉ. मानव जैन, मुख्य अतिथि वर्धमान हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. मनोज जैन एवं डॉ. सुलेखा जैन, तथा विशिष्ट अतिथि दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष प्रवीण जैन गंगवाल का भी अभिनंदन किया गया।

समारोह में हाल ही में रेलवे सेवा से सेवानिवृत्त हुए प्रवीण कुमार जैन (सहायक मंडल अभियंता, रेलवे) का सम्मान किया गया। वहीं आगामी 31 जुलाई को रेल सेवा से सेवानिवृत्त होने जा रहे ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन ‘नृपत्या’ का भी भावपूर्ण अभिनंदन करते हुए उनके सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान की सराहना की गई।
संयोजक मंडल के सदस्य जगदीश जैन एवं अरविंद जैन गोधा ने बताया कि ग्रुप द्वारा पिछले 15 वर्षों से नसियां जी परिसर में संचालित पक्षियों की चुग्गा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस सेवा कार्य को निरंतर जारी रखने के लिए सदस्यों ने आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया तथा इसे और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।

पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अशोक जैन पांड्या के नेतृत्व में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नसियां जी परिसर में 108 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। सभी उपस्थित सदस्यों ने पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल एवं हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि डॉ. मनोज जैन एवं डॉ. सुलेखा जैन तथा विशिष्ट अतिथि प्रवीण जैन गंगवाल ने अपने संबोधन में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप द्वारा संचालित सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने जल सेवा, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक गतिविधियों को समाजहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
ग्रुप के सचिव महेश जैन ने संस्था द्वारा वर्षभर संचालित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों की जानकारी दी। अध्यक्ष नरेंद्र जैन ‘नृपत्या’ ने निःशुल्क जल सेवा अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जल सेवकों, दानदाताओं, रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आरपीएफ थाना प्रभारी अशोक कुमार मीणा एवं उनकी टीम को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में सबसे वरिष्ठ जल सेवक एवं शहर के वरिष्ठ समाजसेवी, दिगंबर जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष सतीश जैन पांड्या का विशेष अभिनंदन किया गया। वहीं दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन द्वारा वर्ष 2024-25 में राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ अध्यक्ष सम्मान प्राप्त करने पर के.के. जैन एवं मोनिका जैन का सम्मान किया गया। साथ ही निवर्तमान समिति के के.के. जैन, मोनिका जैन, अभिनंदन जैन तथा धर्मेंद्र–निशा जैन पांड्या को वर्ष 2024-25 में ग्रुप द्वारा किए गए उत्कृष्ट सामाजिक एवं सेवा कार्यों के लिए प्राप्त राष्ट्रीय सम्मान पर भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी ने वात्सल्य भोजन का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद नसियां जी जिनालय में भगवान जिनेंद्र देव की 108 दीपों से अत्यंत श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ भव्य आरती की गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
कार्यक्रम का संचालन निशा जैन पांड्या, शिल्पी जैन गोधा, नीरू जैन पाटनी, मधु जैन एवं चंद्रेश जैन ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में रमेश जैन, प्रवीण जैन, अनिल जैन, डॉ. मानव जैन, नरेंद्र जैन (कर्मचारी कॉलोनी), योगेंद्र जैन, राजेंद्र गंगवाल, निलेश जैन, मंगल जैन, मनोज मुकुल जैन, सुभाष जैन सोगानी, राकेश जैन, सुमित प्रकाश जैन, ज्ञानेंद्र जैन, वीरेंद्र आर्य, विनोद खंडेलवाल, सुनील गोयल, सोनू डंगायच, नीता जैन, नीरा जैन, लक्ष्मी जैन, अलका जैन, सुनीता जैन, ममता जैन, अंजू शाह, पिंकी जैन, संगीता जैन, सोनिया जैन, प्रीति सोनी, मंजू जैन, माया जैन, दीप्ति जैन, रेनू आर्य, पूजा खंडेलवाल, कुसुम गोयल, अंगूरी देवी, महिला प्रभारी मोनिका जैन सहित ग्रुप के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में जल सेवक उपस्थित रहे।
