30-31 जुलाई को होंगे धार्मिक आयोजन, 1100 दीपों की महाआरती, छप्पन भोग और संगीतमय सुंदरकांड रहेगा आकर्षण
गंगापुर सिटी। श्री श्याम सेवा धाम समिति (रजि.), गंगापुर सिटी के तत्वावधान में कुशालगढ़ स्थित बाबा श्री श्याम मंदिर का तृतीय पाटोत्सव 30 एवं 31 जुलाई को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय इस धार्मिक महोत्सव में विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
समिति के कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार गोयल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 30 जुलाई को प्रातः 6:15 बजे श्री रामायण पाठ से होगा। वहीं 31 जुलाई को प्रातः 6:15 बजे बाबा श्री श्याम का पंचामृत अभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन एवं पाठ किया जाएगा। इसके बाद बाबा का भव्य श्रृंगार, मनमोहक फूल बंगला झांकी एवं छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी।
इसी दिन प्रातः 8:15 बजे हवन-यज्ञ का आयोजन होगा, जबकि सायंकाल 7:15 बजे 1100 दीपों की भव्य महाआरती संपन्न होगी। महाआरती के बाद संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
समिति के अध्यक्ष राजेंद्र दुसाद ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए संयोजक सुरेश चंद गुप्ता, संजय ठीकरिया, दीपक सलेमपुर, दीपक गर्ग पेट्रोली, गोविंद मालधनी, सीताराम अग्रवाल, कमलेश खिरदरपुर, मनीष सांगवान, भगवान बैराड़ सहित समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। समिति ने सभी श्याम भक्तों एवं क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
