युवक ने कहा– तुम्हारे पापा बुला रहे हैं, बच्ची के रोते ही मोहल्ले के युवकों ने छुड़ाया
बाड़ी थाना क्षेत्र में सनसनीखेज घटना
बाड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां 6 साल की मासूम बच्ची के अपहरण की कोशिश की गई। यह घटना दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। तभी मोहल्ले का ही एक युवक वहां पहुंचा। उसने बच्ची को बातों में उलझाया। इसके बाद उसे गोद में उठाकर ले जाने लगा। शुरुआत में किसी को शक नहीं हुआ। लेकिन कुछ ही देर में बच्ची की किस्मत ने करवट ली।
तुम्हारे पापा बुला रहे हैं कहकर बहलाया
बच्ची के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी युवक ने बच्ची से कहा कि उसके पापा उसे बुला रहे हैं। इसी बहाने वह बच्ची को अपने साथ ले गया। बच्ची कुछ दूरी तक चुपचाप चलती रही। इसके बाद उसे अनहोनी का अंदेशा हुआ। अचानक वह जोर-जोर से रोने लगी। रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग सतर्क हो गए।
रोने की आवाज से बची मासूम की जान
बाईपास के पास मौजूद मोहल्ले के युवकों ने बच्ची को आरोपी के साथ देखा। बच्ची लगातार रो रही थी। युवकों ने तुरंत आरोपी का पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी बच्ची को छोड़कर मौके से भाग गया। इसके बाद युवकों ने बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया। कुछ समय बाद मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया। इसके बाद उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
CCTV फुटेज आया सामने
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में आरोपी युवक बच्ची के चेहरे पर कपड़ा डालकर उसे ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। यह वीडियो घटना की गंभीरता को साफ तौर पर दर्शाता है। पुलिस ने इस फुटेज को सबूत के तौर पर कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
कोतवाली थाना अधिकारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब और गांजे जैसे नशे का आदी है। आरोपी ने बच्ची को क्यों उठाया और उसका असली मकसद क्या था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
