18 विद्यालयों के 1500 विद्यार्थियों ने निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में लिया भाग, 17 जुलाई को होंगे सम्मानित।
कोटा। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन रेलवे स्टेशन के वर्चुअल लोकार्पण समारोह के अवसर पर 17 जुलाई 2026 को निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के 76 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में गंगापुर सिटी क्षेत्र के 18 शासकीय एवं निजी विद्यालयों के लगभग 1500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि विद्यार्थियों में विकसित भारत की अवधारणा, रेलवे के विकास कार्यों के प्रति जागरूकता तथा जनभागीदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविरल शर्मा के निर्देशन में मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षकों की टीम ने इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया।

प्रतियोगिताओं के लिए “मेरे शहर का विकसित स्टेशन कैसा हो” तथा “विकसित भारत के निर्माण में मेरा योगदान” विषय निर्धारित किए गए थे। विद्यार्थियों ने इन विषयों पर निबंध एवं चित्रों के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच और कल्पनाशीलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 76 विद्यार्थियों का चयन पुरस्कार के लिए किया गया है।
रेल प्रशासन के अनुसार पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन रेलवे स्टेशन यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर यात्रा अनुभव एवं अधिक सुगम सेवाएं उपलब्ध कराएगा। लोकार्पण समारोह के दौरान विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित कर उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया जाएगा। यह आयोजन विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और युवाओं में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

