रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना–2026: यात्रियों की कहानियों को मिलेगा सम्मान

रेल मंत्रालय की रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना-2026 का प्रचार पोस्टर।
रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना-2026 के लिए 31 जुलाई तक प्रविष्टियां आमंत्रित।

रेल मंत्रालय की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ₹10,000 तक के पुरस्कार, 31 जुलाई तक भेज सकते हैं हिंदी में मौलिक यात्रा वृत्तांत।

कोटा। रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) ने हिंदी भाषा में रचनात्मक लेखन को बढ़ावा देने और रेल यात्राओं से जुड़े यादगार अनुभवों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से “रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना–2026” की घोषणा की है। इस प्रतियोगिता में देश का कोई भी नागरिक भाग लेकर अपनी रेल यात्रा के अनुभव साझा कर सकता है।

योजना के तहत प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹10,000, द्वितीय ₹8,000 तथा तृतीय ₹6,000 निर्धारित है। इसके अलावा पांच प्रतिभागियों को ₹4,000-₹4,000 के प्रेरणा पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

प्रतिभागियों को अपनी रेल यात्रा पर आधारित 3000 से 3500 शब्दों का मौलिक हिंदी यात्रा वृत्तांत प्रस्तुत करना होगा। लेख डबल स्पेस में टंकित होना चाहिए तथा प्रत्येक पृष्ठ पर एक इंच का मार्जिन और क्रमांक अंकित होना आवश्यक है। प्रविष्टि के साथ अलग पृष्ठ पर लेखक का नाम (हिंदी एवं अंग्रेजी), पदनाम, आयु, पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल एवं कुल शब्दों की संख्या भी देना अनिवार्य होगा।

प्रतियोगिता की प्रविष्टियां 31 जुलाई 2026 तक सहायक निदेशक, हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा संख्या-316, कॉफमो रेल कार्यालय परिसर, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली-110002 के पते पर भेजी जा सकती हैं। रेलवे बोर्ड ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति को राष्ट्रीय पहचान मिल सके।