प्रधानमंत्री करेंगे वर्चुअल उद्घाटन, आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्टेशन यात्रियों को होगा समर्पित।
कोटा। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन का लोकार्पण 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह स्टेशन आधुनिक यात्री सुविधाओं, आकर्षक वास्तुशिल्प एवं दिव्यांगजन अनुकूल अधोसंरचना से सुसज्जित है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि स्टेशन पुनर्विकास से जुड़े सभी कार्य पूर्ण हो चुके हैं और स्टेशन यात्रियों की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है। लोकार्पण समारोह स्टेशन परिसर में दोपहर 2:00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में यात्री शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पुरस्कार वितरण एवं लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 3:45 बजे प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से स्टेशन का लोकार्पण करेंगे।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने बताया कि पुनर्विकास के तहत स्टेशन भवन का विस्तार एवं नवीनीकरण, तीन नए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, चार आधुनिक शौचालय ब्लॉक, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट एवं एस्केलेटर, विशाल सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्लेटफॉर्म शेल्टर तथा डिजिटल सूचना प्रणाली विकसित की गई है। स्टेशन को पूर्णतः दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है, जहां रैंप, टैक्टाइल पाथ, व्हीलचेयर, हेल्प बूथ एवं विशेष शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
रेल प्रशासन के अनुसार पुनर्विकसित गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा। यह परियोजना गंगापुर सिटी और कोटा मंडल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
