14 से 16 जुलाई तक सेल्फी भेजें, 17 जुलाई को विजेताओं का होगा सम्मान।
कोटा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन के 17 जुलाई 2026 को होने वाले लोकार्पण समारोह के उपलक्ष्य में पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने “गंगापुर जंक्शन–सेल्फी का टशन” सोशल मीडिया प्रतियोगिता शुरू की है। इस अभियान का उद्देश्य स्टेशन के आधुनिक स्वरूप एवं नई सुविधाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को इस ऐतिहासिक अवसर से जोड़ना है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि प्रतियोगिता 14 जुलाई शाम 4 बजे से 16 जुलाई दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों को पुनर्विकसित गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन के साथ आकर्षक सेल्फी लेकर उसे इंस्टाग्राम, फेसबुक या एक्स (ट्विटर) पर निर्धारित हैशटैग के साथ पोस्ट करना होगा। इसके बाद पोस्ट का स्क्रीनशॉट, नाम, आयु, शहर एवं मोबाइल नंबर 9256100412 पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजना होगा।
प्रतियोगिता में भेजी जाने वाली सेल्फी स्पष्ट एवं उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए तथा उसमें स्टेशन भवन या परिसर साफ दिखाई देना आवश्यक है। प्रतिभागी को अपनी सेल्फी के साथ स्टेशन से संबंधित एक रचनात्मक स्लोगन या कैप्शन भी लिखना होगा। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही प्रविष्टि भेज सकेगा।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे ट्रैक, चलती या खड़ी ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म की पीली सुरक्षा रेखा पार कर ली गई सेल्फी अमान्य होगी। सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाली प्रविष्टियों को प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा।
प्रतियोगिता के तीन श्रेष्ठ प्रतिभागियों को 17 जुलाई 2026 को आयोजित लोकार्पण समारोह में प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही चयनित सेल्फियों का प्रदर्शन समारोह स्थल की बड़ी स्क्रीन एवं मंडल रेल प्रबंधक, कोटा के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं से इस अभियान में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की है।
