डॉक्टर्स डे पर IMA गंगापुर सिटी ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी, टीबी मरीजों को बांटी निक्षय किट, किया वृक्षारोपण

डॉक्टर्स डे पर IMA गंगापुर सिटी द्वारा टीबी मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित करते चिकित्सक
डॉक्टर्स डे के अवसर पर IMA गंगापुर सिटी ने टीबी मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित कर सेवा एवं जागरूकता का संदेश दिया।

सेवा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया डॉक्टर्स डे

गंगापुर सिटी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) गंगापुर सिटी ने राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर मंगलवार को सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान क्षय रोग (टीबी) से पीड़ित 11 चिन्हित मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित की गई तथा हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड स्थित गार्डन में 11 पौधों का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

आईएमए सचिव डॉ. मुकेश गर्ग ने बताया कि डॉक्टर्स डे के अवसर पर संगठन प्रत्येक वर्ष चिकित्सकों के सम्मान के साथ समाजहित से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित करता है। इसी क्रम में इस वर्ष टीबी मरीजों को निक्षय पोषण किट प्रदान कर उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए सहयोग किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. विजेंद्र गुप्ता रहे।

निक्षय किट वितरण के दौरान आईएमए अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र शास्त्री एवं महिला विंग अध्यक्ष डॉ. शैल शास्त्री ने मरीजों को नियमित दवा सेवन, पौष्टिक आहार और आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि टीबी का पूर्ण उपचार संभव है, बशर्ते मरीज समय पर दवा और उचित खान-पान का पालन करें।

इसके बाद हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड स्थित गार्डन में 11 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। आईएमए सदस्यों ने पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया तथा उनकी सुरक्षा के लिए शीघ्र ट्री गार्ड लगाने की भी घोषणा की।

सेवा कार्यक्रमों के पश्चात चिकित्सकों के बीच हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड में 8-8 ओवर का मैत्रीपूर्ण फन क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। कार्यक्रम के प्रभारी डॉ. भरत गोयल रहे। प्रतियोगिता में डॉ. सत्यवीर डूडी को श्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी तथा डॉ. शैल शास्त्री को श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी घोषित किया गया।

डॉ. मुकेश गर्ग ने बताया कि डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में शाम को शहर के एक निजी होटल में भव्य ग्रैंड सेलिब्रेशन एवं फैमिली गेट-टुगेदर कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 125 चिकित्सक एवं उनके परिवारजन भाग लेंगे।

कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र शास्त्री, सचिव डॉ. मुकेश गर्ग, कोषाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पंचोली, उपाध्यक्ष डॉ. रामकेश मीना, उप सचिव डॉ. भरत गोयल, सांस्कृतिक सचिव डॉ. तृप्ति बंसल, डॉ. रवि गुप्ता, डॉ. संतोष भंडारी, डॉ. पुष्पेंद्र बंसल, डॉ. संतोष सिंघल, डॉ. बलराज बैरवा, डॉ. मुकेश बंसल, डॉ. अनिल टोड़वाल, रेखा गर्ग सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे।