डॉक्टर्स डे पर IMA गंगापुर सिटी का भव्य पारिवारिक गेट-टुगेदर, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह ने बांधा समां

डॉक्टर्स डे समारोह में आईएमए गंगापुर सिटी के चिकित्सक एवं परिवारजन सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान
डॉक्टर्स डे पर आयोजित IMA गंगापुर सिटी के भव्य पारिवारिक गेट-टुगेदर में चिकित्सकों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

150 से अधिक चिकित्सक एवं परिवारजन हुए शामिल, नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

गंगापुर सिटी। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) गंगापुर सिटी द्वारा मंगलवार शाम एक निजी रिसॉर्ट में भव्य पारिवारिक गेट-टुगेदर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे से देर रात तक चले इस कार्यक्रम में 80 से अधिक चिकित्सक सदस्यों ने अपने परिवार सहित भाग लिया। बच्चों एवं परिजनों सहित 150 से अधिक लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। दीप प्रज्वलन आईएमए के वरिष्ठ सदस्य डॉ. एन.आर. मीणा, मुख्य अतिथि एवं राजकीय चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेंद्र गुप्ता, आईएमए अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र शास्त्री, डॉ. नीलमणि गर्ग तथा उपसचिव डॉ. भरत गोयल ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद अनुष्का गर्ग ने गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को भक्तिमय शुरुआत दी।

आईएमए अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र शास्त्री ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज में सेवा, विश्वास और आशा का संचार भी करते हैं। उन्होंने संगठन की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए सभी सदस्यों एवं उनके परिवारों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में मनोरंजन के लिए तंबोला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका संचालन डॉ. शैल शास्त्री एवं डॉ. तृप्ति बंसल ने किया। पूरे कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. सत्येंद्र पंचोली ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. विजेंद्र गुप्ता का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता सभी का दिल

कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं उनके परिवारजनों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साम्यक सिंघल, नेहा गर्ग और वंशिका जौरवाल के नृत्य ने खूब तालियां बटोरीं, वहीं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एन.आर. मीणा ने बांसुरी वादन से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

डॉ. मुकेश गर्ग ने हास्य-व्यंग्य शैली में अपनी प्रस्तुति देकर माहौल को खुशनुमा बनाया, जबकि डॉ. डी.सी. गुप्ता ने शायरी प्रस्तुत कर साहित्यिक रंग बिखेरा। डॉ. सत्येंद्र पंचोली के गायन और डॉ. बी.एल. बैरवा के लोकगीतों ने भी खूब सराहना बटोरी। डॉ. शिवराज मीणा की ऊर्जावान प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। कार्यक्रम में “मुकेश” नाम वाले चिकित्सकों के विशेष समूह प्रस्तुति ने भी सभी का भरपूर मनोरंजन किया।

रैम्प वॉक में चिकित्सक परिवारों ने बिखेरा आकर्षण

कार्यक्रम के दौरान आयोजित रैम्प वॉक प्रतियोगिता में चिकित्सक दंपतियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्णायक डॉ. विजेंद्र गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी रहीं। प्रतियोगिता में डॉ. आर.सी. मीणा को बेस्ट ड्रेस्ड मेल, डॉ. उषा रानी बैरवा को बेस्ट ड्रेस्ड फीमेल तथा डॉ. नीलमणि गर्ग एवं मुक्ता गर्ग को बेस्ट ड्रेस्ड कपल का पुरस्कार प्रदान किया गया।

नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

आयोजन के दौरान आईएमए गंगापुर सिटी की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र शास्त्री, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. मनोज जैन, सचिव डॉ. मुकेश गर्ग, उपाध्यक्ष डॉ. रामकेश मीणा, कोषाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पंचोली, उपसचिव डॉ. भरत गोयल, महिला विंग अध्यक्ष डॉ. शैल शास्त्री तथा सांस्कृतिक सचिव डॉ. तृप्ति बंसल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इसके बाद सभी पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया।

फन क्रिकेट के विजेताओं का सम्मान

डॉक्टर्स डे की सुबह आयोजित फन क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में डॉ. सत्यवीर डूडी को मैन ऑफ द मैच तथा डॉ. शैल शास्त्री को वुमन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

एआई आधारित गीत बने आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के अंतिम चरण में संगीत, नृत्य और पारिवारिक मनोरंजन का दौर देर रात तक चलता रहा। डॉ. मुकेश गर्ग द्वारा एआई तकनीक से तैयार कराए गए विशेष “हैप्पी जॉली मेडिकोज” गीतों ने आयोजन में नया आकर्षण जोड़ा। चिकित्सकों और उनके परिवारों ने लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों पर भी जमकर आनंद लिया।

अंत में आईएमए सचिव डॉ. मुकेश गर्ग ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, परिवारजनों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी होली मिलन, गरबा महोत्सव, पारिवारिक पिकनिक एवं सदस्यता विस्तार अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि आईएमए भविष्य में भी चिकित्सकों के लिए ऐसे पारिवारिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।