पहली तिमाही में 1759 वैगनों का अनुरक्षण
कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के वैगन रिपेयर शॉप (डब्ल्यूआरएस), कोटा ने वैगनों के अनुरक्षण एवं मरम्मत कार्य में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मुख्य कारखाना प्रबंधक के मार्गदर्शन में जून 2026 के दौरान डब्ल्यूआरएस, कोटा द्वारा 575 मालवाहक वैगनों का पीरियोडिक ओवरहॉलिंग (POH) सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून 2026) के दौरान कारखाने में कुल 1759 वैगनों का पीरियोडिक ओवरहॉलिंग किया गया। यह उपलब्धि सुरक्षित, विश्वसनीय एवं निर्बाध मालगाड़ी संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में डब्ल्यूआरएस, कोटा की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है।
पीरियोडिक ओवरहॉलिंग के दौरान वैगनों की बॉडी एवं अंडरगियर की मरम्मत, ट्रॉली एवं बोगी के प्रमुख पुर्जों का अनुरक्षण, एयर ब्रेक सिस्टम, बफर तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच एवं मरम्मत के साथ-साथ पहियों (व्हील) एवं धुरी (एक्सल) का विस्तृत निरीक्षण किया जाता है। इन तकनीकी प्रक्रियाओं से वैगनों की सुरक्षा, विश्वसनीयता और परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।
पश्चिम मध्य रेलवे का डब्ल्यूआरएस, कोटा आधुनिक मशीनों, उन्नत तकनीक और उच्च गुणवत्ता वाले अनुरक्षण मानकों के माध्यम से माल परिवहन को अधिक सुरक्षित, सुचारु और विश्वसनीय बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। यह कारखाना रेलवे की माल परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
