एक ही ऐप पर मिलेंगी रेलवे की सभी डिजिटल सुविधाएं
कोटा। भारतीय रेलवे यात्रियों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रहा है। इसी क्रम में रेलवे के आधिकारिक RailOne (रेलवन) ऐप के माध्यम से अनारक्षित (जनरल) टिकट बुक करने वाले यात्रियों को 14 जुलाई 2026 तक 3 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। यह प्रोत्साहन योजना 14 जनवरी 2026 से छह माह के लिए लागू की गई थी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, कोटा सौरभ जैन ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को रेलवे के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना तथा डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 3 प्रतिशत की यह छूट केवल RailOne ऐप से जनरल टिकट बुक करने पर ही मिलेगी। किसी अन्य वेबसाइट या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने बताया कि छूट का लाभ लेने के लिए यात्रियों को RailOne ऐप के माध्यम से जनरल टिकट बुक कर भुगतान यूपीआई, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से करना होगा।
टिकट काउंटरों पर भीड़ होगी कम
रेलवे के अनुसार इस पहल से स्टेशनों पर टिकट काउंटरों की भीड़ कम होगी, यात्रियों का समय बचेगा, नकद लेन-देन में कमी आएगी तथा टिकट बुकिंग प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी।
एक लॉगिन, अनेक सुविधाएं
RailOne ऐप की सबसे बड़ी विशेषता इसका सिंगल साइन-ऑन सिस्टम है। जो यात्री पहले से Rail Connect या UTS on Mobile ऐप का उपयोग कर रहे हैं, वे उसी यूजर आईडी और पासवर्ड से RailOne ऐप में लॉगिन कर सकते हैं। इसके लिए नया पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं है।
एक ही ऐप पर रेलवे की सभी प्रमुख सेवाएं
RailOne ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर निःशुल्क उपलब्ध है। एक बार लॉगिन करने के बाद यात्री एक ही ऐप पर निम्न सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं—
- आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग
- प्लेटफॉर्म टिकट
- लाइव ट्रेन स्टेटस
- पीएनआर एवं आरक्षण विवरण
- टिकट रद्दीकरण एवं रिफंड
- ट्रेन में सीट पर भोजन ऑर्डर
- रेल मदद के माध्यम से शिकायत दर्ज कराना एवं उसका निस्तारण
इसके अलावा ऐप कई भारतीय भाषाओं को भी सपोर्ट करता है, जिससे देशभर के यात्रियों के लिए इसका उपयोग और अधिक आसान हो गया है।
कोटा मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे RailOne ऐप डाउनलोड कर अधिकाधिक उपयोग करें और भारतीय रेलवे की डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाते हुए अपनी यात्रा को अधिक सुविधाजनक एवं समयबद्ध बनाएं।
