भवानीमंडी स्टेशन पर ‘किलाबंदी’ टिकट चेकिंग अभियान

भवानीमंडी रेलवे स्टेशन पर विशेष किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान के दौरान टिकट जांच करते रेलवे अधिकारी
भवानीमंडी स्टेशन पर कोटा मंडल के विशेष किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान में 35 बिना टिकट यात्रियों से ₹19,600 का जुर्माना वसूला गया।

35 बिना टिकट यात्री पकड़े गए, ₹19,600 जुर्माना वसूला

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल द्वारा रेल राजस्व की सुरक्षा एवं बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष टिकट जांच अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 9 जुलाई 2026 को भवानीमंडी रेलवे स्टेशन पर विशेष ‘किलाबंदी’ टिकट चेकिंग अभियान आयोजित किया गया, जिसमें 35 बिना टिकट यात्री पकड़े गए और उनसे ₹19,600 बतौर किराया एवं जुर्माना वसूला गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन एवं उनके निर्देशन में सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलाया गया। अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राजेश मीणा ने किया।

इस विशेष अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक एन.एस. मीणा के साथ चल टिकट परीक्षक अमित सिंह, रामकेश मीणा, देवीलाल मीणा, दीनदयाल, उमेश कुमार, ऋषभ कुमार एवं इकरामुद्दीन सहित कुल 8 टिकट चेकिंग स्टाफ तथा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के दो जवान शामिल रहे। टीम ने स्टेशन के निकास मार्गों की घेराबंदी कर यात्रियों के टिकटों की सघन जांच की।

यात्रियों को नए रेलवे कानून की भी दी जानकारी

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल बिना टिकट यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करना नहीं था, बल्कि 20 जून 2026 से लागू जन विश्वास (संशोधन उपबंध) अधिनियम, 2026 के तहत रेलवे अधिनियम में किए गए संशोधित प्रावधानों के प्रति यात्रियों को जागरूक करना भी था। अभियान के दौरान यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने तथा रेलवे नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।

सात ट्रेनों की हुई जांच

विशेष अभियान के दौरान कुल 7 ट्रेनों के यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। जांच में 35 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पाए गए, जिनसे कुल ₹19,600 का किराया एवं जुर्माना वसूला गया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। प्रतीक्षा सूची (Waiting List) ई-टिकट अथवा प्लेटफॉर्म टिकट पर यात्रा करना नियमों के अनुसार अनुमन्य नहीं है। यात्री रेलवे की अधिकृत टिकट बुकिंग प्रणाली या यूटीएस (UTS) मोबाइल ऐप के माध्यम से भी आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।