जैन समाज के ग्रीष्मकालीन धार्मिक शिविर का समापन, बच्चों ने सीखे संस्कार और धर्मज्ञान

महावीर भवन स्थानक में आयोजित जैन धार्मिक शिविर के समापन समारोह में सम्मानित होते बच्चे और समाजजन
गंगापुर सिटी में जैन धार्मिक ग्रीष्मकालीन शिविर के समापन पर बच्चों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।

गंगापुर सिटी। अखिल भारतीय श्री जैन रत्न युवक परिषद के तत्वावधान में महावीर भवन स्थानक शहर में आयोजित ग्रीष्मकालीन धार्मिक शिविर का सोमवार को विधिवत समापन किया गया। 18 मई 2026 से प्रारंभ हुए इस शिविर में बच्चों ने धार्मिक शिक्षा, संस्कार और जैन धर्म के महत्वपूर्ण पाठों का अध्ययन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। शिविर संयोजक हेमंत कुमार जैन ने बताया कि शिविर के दौरान बच्चों को जैन धर्म की मूल शिक्षाओं, सामायिक, प्रतिक्रमण तथा विभिन्न धार्मिक पाठों का प्रशिक्षण दिया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ सहभागिता निभाई, जिसके सकारात्मक परिणाम समापन समारोह में देखने को मिले।

बच्चों ने कंठस्थ किए धार्मिक पाठ

शिविर के दौरान दो बच्चों ने पूरा प्रतिक्रमण कंठस्थ याद किया, जबकि 14 बच्चों ने पूरी सामायिक याद की। इसके अलावा 16 बच्चों ने इच्छाकारेंम पाठ तक का संपूर्ण पाठ कंठस्थ कर अपनी धार्मिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की इस उपलब्धि पर समाजजनों ने उनकी सराहना की और उन्हें धर्म के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

प्रतिभागियों को दिए गए पुरस्कार

समापन समारोह में सामायिक और प्रतिक्रमण सुनाने वाले बच्चों को संघ तथा एक दानदाता महानुभाव की ओर से विशेष प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया। वहीं शिविर में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर उनके उत्साहवर्धन का कार्य किया गया।

शिक्षकों और बच्चों का जताया आभार

श्राविका मंडल अध्यक्ष रीना पल्लीवाल ने शिविर में भाग लेने वाले सभी बच्चों, शिक्षकों अमित जैन, हेमंत कुमार जैन और खुशबू जैन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक शिविर बच्चों में संस्कार, अनुशासन और धार्मिक चेतना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसके बाद उन्होंने शिविर समापन की औपचारिक घोषणा की।

शिविर संयोजक का हुआ सम्मान

पालीवाल महासभा अध्यक्ष सुरेश जैन ने शिविर की गतिविधियों की सराहना करते हुए सभी बच्चों की अनुमोदना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक शिक्षा से जुड़ाव बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। इस अवसर पर उन्होंने शिविर संयोजक हेमंत कुमार जैन का माला एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। साथ ही सभी शिक्षकों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर उनका धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद

समापन समारोह में पालीवाल महासभा गंगापुर सिटी के अध्यक्ष सुरेश जैन, युवक परिषद एवं श्री जैन श्वेतांबर नवयुवक मंडल अध्यक्ष अरविंद जैन, श्राविका मंडल अध्यक्ष रीना पल्लीवाल, मंत्री आरती जैन, युवती मंडल मंत्री प्रीति जैन, सदस्य प्रियंका जैन, आदिति जैन, नवयुवक मंडल सदस्य अन्नू जैन, धर्मेश जैन, विकास जैन, रजत जैन, अरिहंत जैन, गौरव जैन, राजू जैन, अनिल जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

अल्पाहार के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को अल्पाहार कराया गया। धार्मिक वातावरण, बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों और समाजजनों की सहभागिता ने पूरे आयोजन को सफल एवं प्रेरणादायक बना दिया।