टेक ऑफ के 40 मिनट बाद यात्री की तबीयत बिगड़ी, जयपुर लौटा विमान

जयपुर टू मुंबई इंडिगो

जयपुर। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से मुंबई उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट में महिला यात्री की तबीयत खराब हो गई। फ्लाइट ने जयपुर से रात एक बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी। इसके करीब 25 मिनट बाद महिला यात्री रेणु जैन की तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द और बैचेनी के दौरान फ्लाइट अटेंडेंट ने महिला यात्री रेणु जैन को प्राथमिक इलाज दिया, लेकिन उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। इस पर पायलट को जानकारी दी गई।
पायलट ने मेडिकल इमरजेंसी के तहत एक बार फिर फ्लाइट की जयपुर में लैंडिंग की तैयारी शुरू कर दी और टेक ऑफ के 40 मिनट बाद इसी फ्लाइट को देर रात जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। बाद में एयरपोर्ट अथॉरिटी ने महिला यात्री को पास के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार इलाज के दौरान महिला यात्री ने दम तोड़ दिया।