67 की उम्र में ऋषि कपूर का निधन, अमिताभ बच्चन ने कहा- मेरा दोस्त चला गया

badhtikalam.com इरफान खान के दुनिया छोड़ जाने के गम में आंसू अभी सूखे भी नहीं थे कि बॉलीवुड ने अपने चिंटू को भी खो दिया। जी हां, कैंसर से जूझ रहे ऋषि कपूर ने गुरुवार सुबह मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। बीती रात अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद उनके बड़े भाई रणधीर कपूर ने बताया था कि ऋषि कपूर को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। 67 साल के ऋषि कपूर का कोरोना वायरस टेस्ट भी करवाया गया था। बता दें, ऋषि कपूर को 2019 में कैंसर हुआ था और एक साल तक अमेरिका में उनका इलाज चला था।
2018 में 27 साल बाद ऋषि कपूर के साथ ‘102 नॉट आउट’ फिल्म करने वाले अमिताभ बच्चन ने इस बारे में सबसे पहले ट्वीट किया। अभिनेता अमिताभ बच्चन ने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी है कि ऋषि कपूर का निधन हो गया है। सोशल मीडिया पर अमिताभ के इस ट्वीट के सामने आते ही फैंस और सितारों ने श्रद्धांजलि देना और शोक जाहिर करना शुरू कर दिया है।
अमिताभ बच्चन ने आज (30 अप्रैल) की सुबह नौ बजकर 32 मिनट पर ट्वीट किया। अमिताभ ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘वो चले गए… ऋषि कपूर… वो चले गए ….उनका निधन हो गया। मैं टूट गया हूं।’ सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जब उन्होंने अंतिम सांस ली, तब उनके साथ पत्नी नीतू और बेटे रणबीर मौजूद थे। 
कोरोना वायरस से लक्षण मिले थे, रिपोर्ट का इंतजार
ऋषि कपूर को एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जानकारी के मुताबिक, ऋषि कपूर को सांस में तकलीफ के साथ ही हल्का बुखार था और चेस्ट इन्फेक्शन था। ये लक्षण कोरोना वायरस से जुड़े हैं इसलिए तत्काल इसकी जांच भी करवा ली गई थी। अभी रिपोर्ट आना बाकी है।
पिछले हफ्ते से बीमार चल रहे थे ऋषि कपूर
ऋषि कपूर के बारे में कहा जा रहा है कि वे पिछले हफ्ते से बीमार चल रहे थे। बीते गुरुवार को भी लॉकडाउन होने के बावजूद उन्हें महाराष्ट्र सरकार से स्पेशल पास जारी करवा कर अस्पताल लाया गया था। हालांकि तब उन्हें चंद घंटों बाद ही छुट्टी दे दी गई थी। इससे पहले फरवरी में भी उन्हें दो बार अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। आमतौर पर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले ऋषि कपूर एक महीने से शांत थे।
ट्विटर पर ट्रेंड हो रहा ऋषि कपूर
ऋषि कपूर के बीमार होने और अस्पताल में भर्ती होने की सूचना के बाद ट्विटर पर अभिनेता का नाम ट्रेंड करने लगा था। फैन्स उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना कर रहे थे। अब तक हजारों ट्वीट्स हो चुके हैं।
पृथ्वीराज कपूर के पोते और राज कपूर के बेटे
चिंटू के नाम से मशहूर ऋषि का जन्म 4 सितंबर 1952 को मुंबई के चेम्बूर में हुआ था। वे राज कपूर के दूसरे नंबर के बेटे और पृथ्वीराज कपूर के पोते थे। उन्होंने मुंबई के कैंपियन स्कूल और अजमेर के मेयो कॉलेज में अपने भाइयों के साथ पढ़ाई की। रणधीर कपूर उनके बड़े भाई और राजीव कपूर उनके छोटे भाई हैं। ऋषि और नीतू के दो बच्चे हैं रणबीर कपूर और रिदीमा कपूर।