खेल मशाल रथ का किया स्वागत, ओएसडी ने बताया खेलों का महत्व

-5 अगस्त से होगा प्रदेश में राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों का आयोजन

प्रदेश में राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों का 5 अगस्त से आयोजन होगा। इसके प्रति जागरुकता के लिए शुक्रवार को मशाल रथ दल गंगापुर सिटी पहुंचा। राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेल प्रभारी शफी मोहम्मद ने बताया कि 3 जुलाई को मुख्यमंत्री ने मशाल को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया था।

शुक्रवार को मशाल रथ व दल के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचने पर विशेषाधिकारी अंजली राजोरिया ने स्वागत किया। साथ ही दल में शामिल सदस्यों को स्मृति चिह्न प्रदान कर अभिनंदन किया। बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर विशेषाधिकारी अंजली राजोरिया ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुआ कहा कि खेल का जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। खेल से मानसिक, बौद्धिक, शारीरिक क्षमता में वृद्धि के साथ नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। साथ ही राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने को प्रेरित किया।

सीबीईओ देवीलाल मीना ने कहा कि खेलों में भी भविष्य निर्माण की पूरी संभावना है। शारीरिक शिक्षक शफी मोहम्मद ने खिलाडिय़ों के पंजीयन व प्रतियोगिता के बारे में जानकारी दी। इस दौरान ६ सदस्यीय दल ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से खेल और खेल भावना के बारे में बताया। साथ ही राज्य सरकार की ओर से खेल विकास के बारे में अवगत कराया। इस मौके पर तहसीलदार अजय कुमार मीना, आयुक्त पंकज मीना, महिला बाल विकास अधिकारी संजीव मीना, प्रधानाचार्य ओम प्रकाश बैरवा सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद था। संचालन व्याख्याता रूपसिंह मीना ने किया।