जयकारों के साथ पावापुरी रवाना हुआ नवकार विहार मंडल, राज्यस्तरीय सम्मेलन में होगी सहभागिता

Navkar Vihar Mandal members leaving for Pavapuri conference
जयकारों के साथ पावापुरी के लिए रवाना हुआ नवकार विहार मंडल

18 जनवरी को पावापुरी तीर्थ में आयोजित राजस्थान विहार सेवा ग्रुप सम्मेलन में लेंगे भाग

जोधपुर से नवकार विहार मंडल के सेवक एवं सेविकाएं पूरे उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ राज्यस्तरीय विहार सेवा सम्मेलन में भाग लेने के लिए पावापुरी तीर्थ रवाना हुए। यह सम्मेलन 18 जनवरी को पावापुरी में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों से विहार सेवा से जुड़े श्रद्धालु शामिल होंगे।

नवकार विहार मंडल के प्रवक्ता दिलीप जैन और जोधपुर में मंडल के प्रेरणादाता मनोहर हिरण ने बताया कि यह राजस्थान विहार सेवा ग्रुप का प्रथम राज्यस्तरीय सम्मेलन है, जिसे लेकर मंडल के सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अल सुबह बस द्वारा रवाना हुए मंडल के सदस्य परमात्मा और गुरु भगवंतों के जयकारे लगाते हुए श्रद्धा और उमंग के साथ यात्रा पर निकले।

आचार्यश्री के सानिध्य में होगा सम्मेलन

मंडल के उप-कैप्टन चेतन बागरेचा और विहार सेवक विवेक सालेचा ने बताया कि यह सम्मेलन अखिल भारतीय विहार सेवा ग्रुप के संस्थापक आचार्य महाबुद्धि सुरीश्वर की प्रेरणा से आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन आचार्य उदय वल्लभ सुरीश्वर एवं आचार्य हृदय वल्लभ सुरीश्वर के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।

पंच तीर्थ यात्रा के साथ पहुंचे पावापुरी

विहार सेवक राहुल मेहता और भरत छाजेड़ ने जानकारी दी कि नवकार विहार मंडल के सदस्य मार्ग में आने वाले पंच तीर्थों की यात्रा करते हुए पावापुरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रानी में विराजित आचार्य जयानंद सुरीश्वर एवं गणिवर्य जयकीर्ति के दर्शन-वंदन कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।

यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि विहार सेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का माध्यम भी रही।

Read More :- पंजाब के बठिंडा में भीषण सड़क हादसा, महिला पुलिसकर्मी समेत 5 की दर्दनाक मौत